गढ़वा में फंसे बिहार के मतदाता! मंगलवार को वोटिंग की वजह से रोहतास बॉर्डर सील।
लेकिन गढ़वा में बिहार के 40 से 50 मतदाता फंस गए हैं, क्योंकि बिहार जाने वाली नाव पर जिला प्रशासन ने रोक लगा दी है. जिससे गढ़वा में फंसे मतदातओं को वोट नहीं कर पाने का डर सता रहा है. जिसके बाद यहां फंसे लोग, जिला प्रशासन से मदद की गुहार लगा रहे हैं.
दरअसल, जिले के कांडी प्रखंड में श्रीनगर इलाका पड़ता है. गढ़वा जिले के चार थाने बिहार सीमा की सोन नदी से लगते हैं. बिहार में 11 नवंबर को मतदान होना है, इसे लेकर इंटर स्टेट मीटिंग के दौरान यह चर्चा हुई थी कि दोनों राज्य, चुनाव के 72 घंटे पहले अपनी अपनी सीमाएं को सील करेंगे. इसी के तहत 9 नवंबर को शाम 6 बजे से लेकर 11 नवंबर को शाम 5 बजे तक दोनों राज्यों की सीमा सील कर दी गई.
इधर, बिहार के मतदाताओं का कहना है कि कल हमारे यहां मतदान है लेकिन गढ़वा में नाव वगैरह सब बंद है, जिसके चलते हम लोग यहां फंस गए हैं. इधर नाविक ने बताया कि थाना से फोन आया था कि नाव नहीं चलाना है. जिसके बाद नाव चलाना बंद कर दिया है. गढ़वा जिले से बिहार से सटने वाली सभी नदी घाट सीमा पर गढ़वा पुलिस की ओर से सभी थाना क्षेत्र में पुलिस फोर्स, वन विभाग एवं मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है. मजिस्ट्रेट ने बताया कि बिहार में चुनाव मंगलवार को है इसे लेकर नाव बंद है, जिसके चलते बिहार के कुछ लोग फंसे हुए हैं।
