सहरसा में आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम किया:कोसी तटबंध पर सोए दंपति को उत्पाद विभाग की गाड़ी ने रौंदा, लोगों ने की मुआवजे की मांग।
सहरसा जिले के नोहट्टा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। पूर्वी कोसी तटबंध के बराही चौक पर सोमवार की रात उत्पाद विभाग का एक वाहन अनियंत्रित होकर बांध किनारे मचान पर सो रहे दंपति को रौंद दिया। इस हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने मृतक दंपति के परिवार को मुआवजे की मांग को लेकर कोसी बांध पर सड़क जाम कर दिया। करीब तीन घंटे तक चला यह जाम नोहट्टा थाना प्रभारी ज्ञान रंजन कुमार के समझाने पर खत्म हुआ।
शुक्रवार की देर शाम पुलिस अधीक्षक हेमांशु कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने नोहट्टा थाना प्रभारी को दो महत्वपूर्ण निर्देश दिए। पहला, पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द मुआवजा दिलवाने की व्यवस्था करें। दूसरा, फरार आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित करें।
