Featured

दरभंगा में जिलास्तरीय मशाल खेल प्रतियोगिता संपन्न, प्रथम आने वालों को ₹2500 मिलेंगे।

दरभंगा के नेहरू स्टेडियम लहेरियासराय में 3 दिवसीय जिलास्तरीय मशाल खेल प्रतियोगिता-2025 का बुधवार को समापन हुआ। अंतिम दिन विभिन्न खेल के फाइनल मुकाबले हुए, जिसमें खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया।

अंडर-14 बालक वर्ग कबड्डी में बहादुरपुर की टीम ने हायाघाट को हराकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, अंडर-16 वर्ग में हायाघाट विजेता और गौराबौराम उपविजेता रहे।

फुटबॉल मुकाबलों में सिंहवाड़ा की टीम का दबदबा कायम रहा। अंडर-14 फुटबॉल में सिंघवारा ने जाले को हराकर पहला स्थान हासिल किया। अंडर-16 वर्ग में भी सिंघवारा विजेता और बेनीपुर उपविजेता रहे।

पुरस्कार वितरण समारोह में जिला खेल पदाधिकारी परिमल, संभाग प्रभारी मोहम्मद मुस्ताक अहमद और अन्य गणमान्य उपस्थित थे। खिलाड़ियों को मेडल, प्रशस्ति पत्र और चेक प्रदान किए।

जिला खेल पदाधिकारी परिमल ने बताया कि जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त खिलाड़ियों को ₹2500, द्वितीय स्थान को ₹1500 और तृतीय स्थान प्राप्त खिलाड़ियों को ₹1000 की राशि उनके अकाउंट में भेजी जाएगी। दलीय खेलों में विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, मेडल और चेक से सम्मानित किया गया।

प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी राज्यस्तरीय खेल प्रतियोगिता में भाग लेंगे

समारोह में घोषणा की गई कि जिलास्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी राज्यस्तरीय खेल प्रतियोगिता में भाग लेंगे। परिमल ने खिलाड़ियों को धैर्य और आत्मविश्वास के साथ सतत अभ्यास करने का संदेश दिया।

कार्यक्रम का संचालन अवकाशप्राप्त शारीरिक शिक्षा शिक्षक रविन्द्र कुमार सिंह ने किया। मंच संचालन और विभिन्न खेलों के सफल आयोजन में योगदान देने वाले शिक्षकों व अधिकारियों में रविन्द्र कुमार सिंह, केशव कुमार चौधरी, अमित कुमार चौधरी, बृजेश सिंह राठौड़, तरुण प्रकाश, आशीष कुमार और यशपाल कुमार को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *