Featured

तालाब में डूबने से 3 साल के बच्चे की मौत:सहरसा में घर से 25 मीटर दूर खेलते समय हादसा, माता-पिता से रहता था अलग।

सहरसा के बैजनाथपुर थाना क्षेत्र के तिरी गांव में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। यहां तालाब में डूबने से 3 साल का मासूम आयुष कुमार की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और मां-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतक की पहचान मधेपुरा के सौरबाजार थाना क्षेत्र कांप पूर्वी टोला वार्ड संख्या-08 निवासी लाल मोहन यादव के बेटे आयुष कुमार (3) के रूप में हुई है। आयुष तीन बहनों के बाद परिवार का इकलौता बेटा था। बताया गया कि वह अपनी मां काजल देवी के साथ पिछले एक साल से ननिहाल तिरी गांव में रह रहा था।

पिता मजदूरी कर चलाते थे परिवार

परिवार का पालन-पोषण पिता लाल मोहन यादव करते हैं, जो पंजाब में मजदूरी कर अपना घर चलाते हैं। वे करीब 15 दिन पहले ही पंजाब से गांव लौटे थे। इकलौते बेटे की मौत की खबर सुनकर पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।

परिजनों के अनुसार, बुधवार को आयुष घर के पास खेल रहा था। इसी दौरान घर से करीब 25 मीटर दूर स्थित तालाब में डूब गया। परिवार को लगा कि वह पास ही खेल रहा है, लेकिन काफी देर तक न मिलने पर तलाश शुरू की गई। तभी बच्चे की चप्पल तालाब किनारे मिली।

इसके बाद ग्रामीणों ने तालाब में कूदकर खोजबीन की। कुछ देर बाद बच्चे को बाहर निकाला गया और नजदीकी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मां का रो-रोकर बुरा हाल

इकलौते बेटे की मौत ने मां काजल देवी को तोड़कर रख दिया है। वह बार-बार बेटे का नाम पुकारते हुए बेसुध हो जा रही हैं। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

पुलिस ने शव कब्जे में लिया

घटना की जानकारी मिलते ही बैजनाथपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *