Featured

सहरसा में चोरों का उत्पात : जनरल स्टोर से नकदी-सामान के साथ आइसक्रीम-कोल्डड्रिंक भी ले उड़े।

सहरसा। सहरसा के सदर थाना क्षेत्र में इन दिनों चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है. अब तो चोर रुपए और कीमती सामान के साथ-साथ आइसक्रीम और कोल्डड्रिंक भी चोरी करने से बाज नहीं आ रहे हैं. ताजा मामला सदर थाना क्षेत्र के रिफ्यूजी चौक के पास का है, जहाँ एक जनरल स्टोर में चोरों ने जमकर उत्पात मचाया है.

अज्ञात चोरों ने सबसे पहले दुकान के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरे काट दिए. इसके बाद, उन्होंने दुकान की छत काटने की कोशिश की, लेकिन जब वे ऊपर से दुकान में दाखिल नहीं हो पाए, तो उन्होंने दुकान के पीछे बने गोदाम का ताला तोड़ दिया. गोदाम में घुसकर चोरों ने पहले तो आइसक्रीम काउंटर पर बैठकर आइसक्रीम और कोल्डड्रिंक का मजा लिया, और फिर जाते-जाते लगभग 6 हजार रुपये का आइसक्रीम और कोल्डड्रिंक चुराकर ले गए.

 

सुबह जब दुकानदार अपनी दुकान खोलने पहुंचा, तो दुकान की हालत देखकर उसके होश उड़ गए. दुकान की छत टूटी हुई थी, और पीछे गोदाम का ताला टूटा पड़ा था. गोदाम के अंदर आइसक्रीम बिखरी हुई थी. पीड़ित दुकानदार ने बताया कि चोरों ने करीब 6 हजार रुपये के आइसक्रीम और कोल्डड्रिंक की चोरी की है. पीड़ित दुकानदार ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *