Featured

SSB ने बॉर्डर एरिया में चलाया विशेष अभियान:मधुबनी में सार्वजनिक स्थलों की सफाई, मुफ्त पशु चिकित्सा शिविर में मवेशियों की जांच।

मधुबनी के सीमावर्ती क्षेत्र इलाके में स्वच्छ भारत अभियान के तहत जयनगर में 48वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल (SSB) द्वारा 2 जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, वहीं स्थानीय ग्रामीणों ने इस कार्यक्रम की सराहना की है।

एफ समवाय, मधवापुर की इकाई द्वारा मधवापुर स्थित महारानी स्थान से लेकर बस स्टैंड तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसमें SSB के सतर्क जवानों के साथ स्थानीय ग्रामीणों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। मंदिर परिसर एवं आसपास के सार्वजनिक स्थलों की सफाई की गई। इस पहल का मुख्य उद्देश्य न केवल सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ बनाना था, बल्कि नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता भी फैलाना था।

स्वच्छता अभियान में शामिल SSB के जवान।
जवानों की ग्रामीणों से अपील

जवानों ने ग्रामीणों से अपील की कि वे स्वच्छता को केवल एक अभियान के रूप में न लें, बल्कि इसे अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं। स्वच्छ वातावरण, स्वस्थ जीवन की नींव होता है – इसी विचार को आगे बढ़ाते हुए यह अभियान संपन्न हुआ।

मुफ्त पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन

इसी क्रम में 48वीं वाहिनी द्वारा उत्तरी-देवधा गांव में मुफ्त पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का नेतृत्व कमांडेंट (पशु चिकित्सा) डॉ. S. N. सिंह ने किया, जिसमें 59 पशुपालकों के कुल 284 मवेशियों की सेहत की जांच की गई। मवेशियों को मुफ्त उपचार और आवश्यक दवाइयां भी प्रदान की गई। पशु चिकित्सकों ने ग्रामीणों को सामान्य पशु रोगों, उसके लक्षणों, रोकथाम और प्राथमिक उपचार संबंधी जानकारी दी। साथ ही टीकाकरण, पोषण और मौसमी देखभाल पर भी विशेष जानकारी साझा की गई।

पशुपालकों को बांटे गए बीज

विशेष रूप से, इस शिविर में ग्रीन हाइब्रिड नेपियर घास के बीज भी पशुपालकों को बांटे गए, जिससे पशुओं के पोषण स्तर को बेहतर करने में सहायता मिलेगी। वाहिनी के कमांडेंट गोविंद सिंह भण्डारी ने कहा, “SSB सिर्फ सीमाओं की सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि सीमावर्ती क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास हेतु जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन हमारी प्राथमिकता है।”

स्थानीय ग्रामीणों ने दोनों ही पहलों की सराहना करते हुए भविष्य में ऐसे आयोजन जारी रखने की मांग की। SSB की यह पहल सीमावर्ती जनता के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने की दिशा में एक मजबूत कदम साबित हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *