Featured

करंट लगने से हार्डवेयर दुकानदार की मौत:समस्तीपुर में घर से पूजा कर दुकान खोलने पहुंचे थे; एक दिन पहले हुआ था वायरिंग का काम।

समस्तीपुर शहर के मोहनपुर रोड में गुरुवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे दुकानदार की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक दुकानदार की पहचान मोहनपुर के ही विक्रम कुमार (22) के रूप में की गई है। घटना की सूचना पर पहुंची मुफस्सिल थाने की पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना के बाद पारिवारिक सदस्यों के बीच कोहराम मचा हुआ है।

मृतक के चाचा चुलाई महतो ने बताया कि उनके भतीजा विक्रम कुमार की मोहनपुर रोड में ही हार्डवेयर की दुकान है। घर से पूजा पाठ करने के बाद करीब 9 बजे वह दुकान खोलने के लिए पहुंचा था । दुकान का शटर खोलकर अंदर से जैसे ही सामान निकालना शुरू किया कि उसे करंट लग गया। जिससे वह झुलस गया। पूरे दुकान में ही करंट था।

कल ही दुकान में वायरिंग करके बिजली मिस्त्री गए थे । संभावना जताई जा रही है कि कहीं से ओपन तार लीक होने से पूरे दुकान में करंट आ गया था। फल स्वरुप दुकान खोलते ही यह करंट की चपेट में आ गया।

लाइन कटवाने के बाद ले गए हॉस्पिटल

हल्ला होने पर जुटे आसपास के लोगों ने बिजली ऑफिस फोन कर लाइन कटवाया और विक्रम को वहां से उठाकर निजी अस्पताल ले गए। जहां के डॉक्टर ने उन्हें सदर अस्पताल जाने की सलाह दी सदर अस्पताल में डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

विक्रम दो भाइयों में छोटा था। 2 साल पहले ही इसने हार्डवेयर की दुकान खोली थी और अच्छी खासी पूंजी बढ़ा ली थी। इसके व्यवहार से भी आसपास के दुकानदार काफी प्रभावित रहते थे।

मुफस्सिल थाना अध्यक्ष अजीत कुमार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना पर पुलिस पदाधिकारी को मौके पर भेजा गया था। करंट लगने से युवक की मौत हुई है। शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम कराया गया है। घटना को लेकर एक प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *