IMA ने डॉ. AK सिन्हा को किया सम्मानित:सहरसा के डॉ. भुवन और डॉ. कल्याणी सहित 11 चिकित्सक मिला राष्ट्रीय सम्मान।
पटना स्थित आईएमए भवन में बुधवार को हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ एकेएन सिन्हा की 31वीं पुण्यतिथि पर विशेष समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन बिहार शाखा ने राज्य के 11 प्रतिष्ठित चिकित्सकों को सम्मानित किया।जिसमे सहरसा के दो डाक्टरों को सम्मान से नवाजा गया है। गुरुवार को पटना से वापस लौटने के बाद सहरसा स्थित रिफ्यूजी कॉलोनी चौक के पास मीडिया से बातचीत की।
सहरसा के हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ भुवन सिंह और स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ कल्याणी सिंह को चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए डॉ एकेएन सिन्हा राष्ट्रीय सम्मान 2025 प्रदान किया गया। समारोह का उद्घाटन मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति संदीप कुमार और विशिष्ट अतिथि डॉ सहजानंद प्रसाद सिंह ने किया।
सर्वे के आधार पर होता चयन
आईएमए की सर्वे टीम इलाकों में जाकर डॉक्टरों के कार्य का मूल्यांकन करती है। टीम मरीजों से पूछताछ के बाद सम्मान के लिए चिकित्सकों का चयन करती है। कोशी प्रमंडल से दो डॉक्टरों का चयन विशेष उपलब्धि है। यह सम्मान आईएमए पद्मश्री के लिए अनुशंसा का आधार भी बनता है।
इधर, सहरसा के दो डाक्टरों को सम्मानित होने पर शहर के डॉ केके झा, डॉ संजय गुप्ता, डॉ विनय कुमार सिंह और डॉ शीलेंद्र कुमार, डॉ आईडी सिंह, डॉ अशोक सिंह, डॉ अवनीश कर्ण और डॉ एके मिश्रा ने हर्ष जताते हुए चिकित्सकों ने सम्मानित डॉक्टरों को बधाई दी। सहरसा के चिकित्सक समुदाय ने इस सम्मान को जिले के लिए गौरव का क्षण बताया है।
