बिहार में शराब तस्करी का खुलासा:मिनी ट्रक के तहखाने से 745 लीटर शराब बरामद, तस्कर फरार।
पुलिस ने बरामद शराब को जब्त कर लिया है। दरभंगा के सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र में मद्यनिषेध इकाई ने शराब तस्करी का भंडाफोड़ किया है। कलिगांव पंचायत के भउआ गाछी में मंगलवार के तड़के सुबह की गई कार्रवाई में भारी मात्रा में शराब जब्त की गई है। ये कार्रवाई पुलिस को मिली सूचना के आधार पर हुई है। जब्त वाहनों में एक मिनी ट्रक और एक कार शामिल है। मिनी ट्रक में पीछे ढाले के नीचे विशेष तहखाना बनाया गया था। इस तहखाने में शराब की पेटियां छिपाई गई थीं। शराब की बोतलें 180ml, 375ml और 750ml की थीं।
कुल 745 लीटर शराब बरामद हुई। थानाध्यक्ष रंजीत कुमार चौधरी के अनुसार जब्त वाहनों के मालिकों की पहचान की जा रही है। छापेमारी के समय तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। पुलिस शराब तस्करी के नेटवर्क की जांच कर रही है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस के हाथ खाली हैं। पुलिस दावा कर रही है कि जल्द ही आरोपियों को धर दबोचा जाएगा।
