Featuredप्रादेशिक

बर्थडे नाइट पर फांसी पर लटका हुआ मिला नाबालिग का शव, ब्वॉयफ्रेंड पर हत्या का आरोप।

बिहार के गोपालगंज में दर्दनाक वाकया सामने आया है. 15 साल की नाबालिग का शव बर्थडे नाइट पर फांसी पर लटका हुआ मिला है. बच्ची की बुआ ने हत्या का आरोप लगाया और दावा किया है कि बच्ची की हत्या मां के बॉयफ्रेंड ने किया और उसे फांसी पर लटका दिया. पुलिस ने फिलहाल केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच चल रही है.

घटना बुधवार की है और अपने बर्थडे वाले दिन बच्ची दिन भर काफी खुश थी और स्कूल में दोस्तों के साथ जन्मदिन मनाया था. शाम को उसने घर में केक भी काटा था. कुछ ही घंटे बाद जब परिवार के सदस्य उसके कमरे में पहुंचे तो उसका शव फांसी के फंदे से लटका मिला.

परिवार के कुछ सदस्यों का आरोप है कि बच्ची की मां घर में अपने बॉयफ्रेंड के साथ रहती थी. इस प्रेम संबंध की वजह से नाबालिग काफी परेशान रहती थी. गोपालगंज पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है. पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. घटना के बाद से कथित आरोपी पंकज फिलहाल फरार चल रहा है.

पुलिस का कहना है कि हत्या और आत्महत्या दोनों ही एंगल से जांच कर रहे हैं. परिवार के सदस्य और आसपास के लोग इस घटना से सन्न हैं.

गोपालगंज पुलिस का कहना है कि शहर के साधु चौक में एक नाबालिग का शव फांसी से लटके होने की सूचना मिली थी. इसके बाद घटना स्थल पर पहुंचकर पुलिस ने लाश को नीचे उतारा और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. हमने परिवार के सदस्यों का बयान दर्ज किया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई शुरू की जाएगी. हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से जांच कर रहे हैं और मां के कथित लवर को ढूंढ़ने की भी कोशिश कर रहे हैं.

बच्ची की बुआ और परिवार के दूसरे सदस्यों ने गंभीर आरोप लगाया है. मृतक बच्ची की बुआ का कहना है कि उसकी मां का पंकज नाम के एक शख्स से प्रेम संबंध था और वह इसके खिलाफ थी. वह लगातार मां को उससे दूर रहने के लिए कहा करती थी. इससे परेशान होकर पंकज ने बच्ची की हत्या कर दी और फिर उसकी लाश फांसी के फंदे से टांग दी ताकि आत्महत्या नजर आए. अब तक इस घटना पर बच्ची की मां ने कोई बयान नहीं दिया है और कथित आरोपी फरार चल रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *