बैठक . जिला आपूर्ति टास्क फोर्स की बैठक में स्थिति में सुधार के दिए निर्देश।
मई माह में खाद्यान्न वितरण में सहरसा को राज्यस्तर पर 31वां स्थान मिलने पर डीएम वैभव चौधरी ने नाराजगी जताई। शुक्रवार को समाहरणालय स्थित सभागार में जिला आपूर्ति टास्क फोर्स की बैठक में डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदर्शन में सुधार लाएं।
डीएम ने आधार सीडिंग की समीक्षा की। सभी आपूर्ति निरीक्षक और प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को निर्देश दिया कि आधार सीडिंग में आ रही समस्याओं को दूर करने के लिए विभाग से मार्गदर्शन लें।
ई-केवाईसी की समीक्षा के दौरान लंबित मामलों की संख्या के अनुसार लक्ष्य तय किया गया। अधिकारियों को अगले टास्क फोर्स की बैठक से पहले यह लक्ष्य पूरा करने को कहा गया। राज्य खाद्य निगम के जिला प्रबंधक को निर्देश दिया गया कि खाद्यान्न की आपूर्ति समय पर सुनिश्चित करें। बैठक में सभी सहायक गोदाम प्रबंधक, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, राज्य खाद्य निगम के जिला प्रबंधक, जिला सहकारिता पदाधिकारी के प्रतिनिधि आदि मौजूद थे।




