Featured

प्लास्टिक शीट में दो शव मिलने से मची सनसनी; नहीं हो पायी अब तक पहचान।

बेगूसराय में एक साथ प्लास्टिक शीट में लिपटे दो शव मिलने से हड़कंप मच गया। घटना बरौनी थाना क्षेत्र के वास्तु विहार के समीप की है, जहां एक खेत से पॉलीथिन शीट की बरामदगी हुई है।

बताया जा रहा है कि बरौनी थाना क्षेत्र के हरपुर स्थित वास्तु विहार के समीप रोज की तरह खेत की ओर गए किसान ने उक्त दोनों शव को देखा। इसके बाद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। यह खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई है। वास्तु विहार से ठीक सटे एक खेत से पॉलीथिन शीट में लिपटा दो युवकों का शव बरामद होने को लेकर लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही है।

 

फिलहाल रिफाइनरी थाना की पुलिस और वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुट गए हैं। प्रथम दृष्टया ऐसी आशंका जताई जा रही है कि दोनों युवक की पीट- पीट कर हत्या कर दी गई। बहरहाल पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर शिनाख्त और मामले की तहकीकात में लगी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही बेगूसराय के एसपी मनीष कुमार भी घटनास्थल पर पहुँच गये हैं। फिलहाल शव की पहचान नहीं हो पाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *