Featured

सहरसा में बेटे के गम में मां की मौत:परिजनों का आरोप- पुलिस की धीमी कार्रवाई बनी मौत का कारण।

सहरसा के सिमरी बख्तियारपुर में ड्राइवर ऋतिक मोदी की रहस्यमयी मौत का मामला अभी सुलझा भी नहीं था कि उनकी मां सुमन देवी का भी निधन हो गया।

सुमन देवी को मंगलवार शाम सीने में दर्द की शिकायत हुई। बड़े बेटे प्रिंस मोदी ने उन्हें सहरसा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। कुछ घंटों के इलाज के बाद देर रात उनका निधन हो गया।

50 वर्षीय सुमन देवी के बेटे ऋतिक मोदी की मौत को दो महीने से ज्यादा हो गए हैं। 7 जून 2025 को बकरीद की रात ऋतिक का शव सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन के पास संदिग्ध हालत में मिला था।

परिजनों ने ऋतिक के मालिक आलमगीर तुफानी पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया था। उसके बाद ऋतिक मौत मामले को लेकर सांसद पप्पू यादव, खगड़िया सांसद राजेश वर्मा, पूर्व सांसद चौधरी महबूब अली कैसर और विधायक युसूफ सलाउद्दीन ने सुमन देवी से मिलकर न्याय का भरोसा दिलाया था। लेकिन समय के साथ सब कुछ धीरे धीरे ठंडे बस्ते में चला गया। सहरसा पुलिस भी दो महीने से अधिक समय बीत जाने के बाद भी ऋतिक मौत के रहस्य से पर्दा उठाने में नाकामयाब रही।

वही बेटे की मौत के बाद से ही सुमन देवी गहरे सदमे में थीं। उनका स्वास्थ्य लगातार बिगड़ रहा था।

परिजनों का कहना है कि जांच की धीमी गति और बेटे की मौत का सच सामने न आना ही सुमन देवी की मौत का कारण बना। शहरवासी प्रशासन से ऋतिक की मौत की जांच जल्द पूरी करने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि इससे न्याय मिलेगा और मृतका की आत्मा को शांति मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *