रिश्तेदार के घर जा रहे थे दंपती, सामने से आ रही बाइक से भिड़त; बारातियों ने अस्पताल पहुंचाया।
भोजपुर: भोजपुर में बुधवार देर शाम दो बाइक की सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे में एक बाइक पर सवार दंपती समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ऐसे में वहां से गुजर रहे बारातियों के सहयोग से घायलों को इलाज के लिए गड़हनी पीएचसी ले जाया गया। हादसा जिले के गड़हनी-अगिआंव मुख्य मार्ग पर गड़हनी थाना क्षेत्र के सुअरी मोड़ के समीप हुआ।
इसके बाद परिजन द्वारा उन्हें इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार करने के बाद दो की हालत को चिंताजनक देखते हुए पटना रेफर कर दिया गया है। जबकि एक का इलाज आरा सदर अस्पताल में कराया जा रहा।
जानकारी के अनुसार जख्मियों में झारखंड के धनबाद जिले बलियापुर थाना क्षेत्र के सिंदरी गांव निवासी 43 वर्षीय शंकर शर्मा,उनकी 35 वर्षीय पत्नी मीरा देवी एवं 16 वर्षीय भतीजी शिवानी कुमारी शामिल है।
इधर, मीरा देवी ने बताया कि वह रविवार को अपने पति के साथ धनबाद से धनगाई थाना क्षेत्र के चकवा गांव अपने बहन मंजू देवी के घर घूमने आई थी। बुधवार देर शाम वह अपने पति शंकर शर्मा एवं भतीजी शिवानी कुमारी के साथ बाइक पर बैठकर नारायणपुर थाना क्षेत्र के नाढी गांव अपनी भाभी के घर उनसे मुलाकात करने जा रही थी। उसी दौरान सुअरी गांव के समीप विपरीत दिशा से आ रही बाइक से सीधी भिड़ंत हो गई। जिससे तीनों बाइक से गिर पड़े।
तभी उसी बाइक सवार ने भागने के क्रम में उनके पति और भतीजी पर बाइक को चढ़ा दिया। जिससे तीनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए। इसके बाद रास्ते से गुजर रहे बारातियों के द्वारा उन्हें इलाज के लिए गड़हनी पीएचसी से प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जिसके बाद परिजन गड़हनी पीएचसी पहुंचे और उन्हें इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल ले आये। जहां से प्राथमिक उपचार करने के बाद उनके पति शंकर शर्मा एवं भतीजी शिवानी कुमारी की हालत को चिंताजनक देखते पटना रेफर कर दिया गया। जबकि उनका इलाज आरा सदर अस्पताल में कराया जा रहा है।
आरा-सासाराम स्टेट हाईवे पर जिले के पीरो थाना क्षेत्र के हसन बाजार ओपी अंतर्गत सहजनी मोड़ के समीप बुधवार को स्कॉर्पियो ने बाइक सवार एक किशोर को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रुप से जख्मी हो गया।जिसके बाद परिजन द्वारा उसे इलाज के लिए पीरो रेफरल अस्पताल से आरा सदर अस्पताल लाया गया जहां उसका इलाज कराया जा रहा है।
जख्मी किशोर पीरो थाना क्षेत्र के पीरो गांव निवासी इमरान खान का 16 वर्षीय पुत्र शाहबाज खान है। इधर जख्मी किशोर के परिजन ने बताया कि वह बाइक पर सवार होकर रोहतास जिला के नासरीगंज थाना क्षेत्र के नासरीगंज गांव अपने रिश्तेदार के यहां ईद को लेकर घूमने गया था।
जब वह वापस बाइक से नासरीगंज से अपने गांव लौट रहा था। उसी दौरान सहजनी मोड़ के समीप पीछे से आ रही स्कोर्पियो ने उसके बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। जिससे बाइक वह बाइक से गिर पड़ा और गंभीर रूप से जख्मी हो गया। जिसके बाद परिजन द्वारा उसे इलाज के लिए पीरो रेफरल अस्पताल से आरा सदर अस्पताल लाया गया जहां उसका इलाज कराया जा रहा है। हादसे में जख्मी किशोर का पैर फ्रैक्चर कर गया है।
