दरभंगा: मजदूरी करने ओडिशा गया नाबालिग 2 साल से लापता:दरभंगा से 4 हजार के वेतन पर ले गया था ठेकेदार, पुलिस ने नहीं किया FIR दर्ज
दरभंगा के रतनपुर पंचायत के वार्ड 11 में झोपड़ीनुमा घर में रहने वाले व्यक्ति का नाबालिग पुत्र पिछले दो सालों से लापता है। परिजनों ने जनप्रतिनिधि से लेकर प्रशासन से मदद की गुहार लगाकर थक चुके हैं। पुलिस को शिकायत करने पर भी एफआईआर दर्ज नहीं की गई।
बच्चे को ओडिशा ले जाने वाले ठेकेदार ने भी 50 हजार रुपए देकर घरवालों से बातचीत करना छोड़ दिया। इस मामले में जानकारी परिजनों ने देता हुआ कहा कि इससे ज्यादा प्रयास का उनमें समझ और सामर्थ्य नहीं है।
4 हजार की मजदूरी पर ठेकेदार ले गया था उड़ीसा
पूरे मामले की जानकारी देते हुए परिजनों ने बताया कि 55 वर्षीय बिंदेश्वर सदा का 16 वर्षीय पुत्र राम जी सदा को बगल के रहने वाले अजय सदा ने काम करने के लिए साल 2021 में ओडिशा चलने का ऑफर दिया था। अजय सीतामढ़ी जिले के पुपरी के यदुपट्टी गांव निवासी होटल संचालक भोला साह के यहां वर्षों से मजदूरी करता है। उसी ने भोला साह से परिजनों को बातचीत कराया। उसके बाद 4000 महीना मजदूरी पर 13 वर्षीय राम जी को होटल में काम करने के लिए ठेकेदार ओडिशा के खस्ता नाम के जगह पर ले गया।
पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने से किया इनकार
जाने के कुछ महीने बाद जब घरवालों ने ठेकेदार से रुपयों की मांग की तो बताया कि राम जी सदा ओडिशा से बिना बताए कहीं चला गया है। उसकी खोजबीन की जा रही है। इसकी सूचना मिलने के बाद राम जी के माता-पिता ने गांव के वार्ड सदस्य और सरपंच से सहायता मांगी।
गांव के सरपंच पति नवीन कुमार ठाकुर ने पीड़ित को कमतौल थाना में आवेदन देने की सलाह दी। सभी थाना पहुंचे। तत्कालीन एसएचओ ने मामले में एफआईआर दर्ज करने से मना कर दिया गया। कहा गया कि जहां से बच्चा लापता हुआ है रिपोर्ट वही दर्ज होगी। वहीं, दूसरी तरफ ठेकेदार परिजनों से बातचीत ठीक से नहीं करता है। बगल का पड़ोसी अजय जो वहां अभी भी काम कर रहा है। उसने भी इन लोगों से बातचीत करना बंद कर दिया है।
ठेकेदार हर बार खोजबीन का देता आश्वासन
गुमशुदा बच्चे की मां राजकुमारी देवी ने बताया कि ग्रामीणों और परिजनों के दबाव बनाए जाने के बाद अब तक तीन किस्तों में राम जी द्वारा काम किये जाने के नाम पर 50 हजार रुपए दिया गया है। वहीं, राम जी के संबंध में पूछताछ करने पर ठेकेदार हर बार यही कहता है कि उसे खोज रहे हैं। जैसे ही मिलेगा आप लोगों को बता देंगे। हम लोगों का मदद कोई नहीं कर रहा है। पता नहीं मेरा राम जी वापस आएगा भी या नहीं। मेरा बेटा 2 साल से लापता है गरीबों को दुनिया में पूछने वाला कोई नहीं है।
इस मामले में रतनपुर पंचायत के सरपंच प्रतिनिधि नवीन कुमार ने बताया कि पुपरी का एक ठेकेदार वार्ड 11 निवासी विंदेश्वर सदा के 13 साल के बेटे रामजी सदा को 3 वर्ष पूर्व ओडिशा ले गया था। बच्चा 1 साल बाद वहीं से गायब हो गया। परिजन काफी परेशान है। कमतौल थाना की पुलिस का कहना है कि केस उड़ीसा में ही दर्ज होगी। मैं प्रशासन से अनुरोध करूंगा कि पीड़ित मजदूरों की सहायता करें। इसके अलावा इस मामले की जानकारी ग्रामीणों ने भी दी है।
