Featured

बिजली की चिंगारी से धू- धू कर जल गया किसानों का अरमान।

गुरुवार की दोपहर जिले के पतोर ओपी थाना क्षेत्र के खैरा राइस मिल के नजदीक खेत में आग लगने से गेहूं की फसल जल कर राख हो गई।

देखते ही देखते आग इतनी भीषण हो गई कि खैरा गांव निवासी अरविंद सिंह, सुशील सिंह एवं अनिल सिंह के लगभग दो बीघा भूमि में खड़ी गेहूं की फसल जलकर खाक हो गई।

सूचना देने के कई घंटों के बाद दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने मशक्कत करके खेतों पर के आसपास के जलाश्रयों से बाल्टी भरकर पानी लाया और आग पर काबू पाया।

आग लगने का कारण किसानों ने विद्युत स्पार्क से निकली चिंगारी बताया है। किसानों का कहना है कि बीते तीन दिनों से लगातार इस इलाके में विद्युत स्पार्क की वजह से आग लग रही है। लेकिन गुरुवार की दोपहर लगी आग ने भयानक रूप ले लिया। देखते ही देखते दो बीघा फसल जल कर राख हो गई।

गांव के किसानों में बिजली विभाग के प्रति काफी आक्रोश देखा जा रहा था। किसानों का कहना था कि बीते साल भी बिजली स्पार्क की वजह से एक मशीन पूरी तरह जल गई थी। उसी समय से विभाग के टेक्नीशियन को उक्त इलाके में विद्युत पोल में तार को दुरुस्त करने के लिए कहा जा रहा है। लेकिन विभाग ने इस पर ध्यान नहीं दिया।

किसानों ने बताया कि खेत से सटे राइस मिल भी है। अगर कुछ देर और आग पर काबू नहीं होता तो मिल में भी आग लग सकती थी।

वहीं इस संबंध में पूछे जाने पर बहादुरपुर के कनीय विद्युत अभियंता रवि कुमार ने बताया कि सूचना मिली है। जांच किया जायेगा, अगर कहीं विद्युत पोल और तार में तकनीकी दिक्कत होगी तो उसे ठीक किया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *