Featured

समस्तीपुर : समस्तीपुर के वैभव सूर्यवंशी भारतीय टीम में शामिल:सचिन तेंदुलकर से कम उम्र में किया डेब्यू

21 सितंबर को भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच अंडर-19 सीरीज
बचपन के कोच बृजेश झा को केक खिलाकर खुशी का इजहार करते वैभव सूर्यवंशी।
समस्तीपुर के ताजपुर निवासी वैभव सूर्यवंशी अंडर-19 भारतीय टीम में शामिल हुए हैं। वे ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार दिवसीय सीरीज में हिस्सा लेंगे। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने भारतीय टीम की घोषणा की है। इस टीम में वैभव का भी नाम शामिल है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच इस अंडर-19 सीरीज की शुरुआत 21 सितंबर से होगी।

वैभव को ये जानकारी शनिवार को जिले के पटेल मैदान में प्रैक्टिस के दौरान मिली। सिलेक्शन की सूचना के बाद साथी खिलाड़ियों ने केक काटा और उसके उज्जवल भविष्य की कामना की। इसके बाद वैभव तुरंत पटना के लिए रवाना हो गए।

वैभव 12 साल 8 महीने की उम्र में बिहार रणजी ट्रॉफी में डेब्यू करने वाले खिलाड़ी हैं। सबसे कम उम्र में रणजी में डेब्यू करने वाले वे दूसरे खिलाड़ी बने हैं। इसके पहले अलीमुद्दीन ने 12 साल 2 महीने में डेब्यू किया था।

जबकि सचिन तेंदुलकर ने 15 साल और 232 दिन की उम्र में डेब्यू किया था। वैभव ने पांच साल की उम्र से ही क्रिकेट खेलना शुरू कर दिया था।

वैभव को केक खिलाकर बधाई देते कोच ब्रजेश झा और साथी खिलाड़ी।
बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं वैभव

वैभव का जन्म 27 मार्च 2011 को समस्तीपुर के ताजपुर में हुआ था। वे बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं। एक साल के अंदर अलग-अलग मैच में 49 शतक बना चुके हैं। वह घर पर ही 2 साल तक क्रिकेट खेलते थे। 7 साल की उम्र में पिता समस्तीपुर के क्रिकेट एकेडमी में लेकर गए थे।

वैभव ने वहां 3 साल तक खेला। फिर उनके पिता उन्हें पटना के संपतचक स्थित जेन एक्स क्रिकेट एकेडमी में लेकर आ गए। 10 साल की उम्र में ही वैभव ने बड़े-बड़े मैच खेले और सीनियर मैच में रन बनाने भी शुरू कर दिए।

एक साल में जड़ा 49 शतक और 3 दोहरा शतक

वैभव पिछले 1 साल में 49 शतक और 3 दोहरा शतक जमा चुके हैं। पिछले साल हुए हेमन ट्रॉफी के लीग और सुपर लीग में सबसे ज्यादा 670 रन बनाए। जिसमें तीन शतक और तीन अर्धशतक था। परफॉर्मेंस को देखते हुए वैभव को एक और मौका मिला है।

अक्टूबर 2023 में वीनू मांकड़ टूर्नामेंट के अंडर-19 में वैभव का सिलेक्शन हुआ था। चंडीगढ़ में आयोजित टूर्नामेंट में बिहार की तरफ से सबसे ज्यादा रन बनाए। उन्होंने 393 रन बनाए, जिसमें एक शतक और तीन अर्धशतक था।

पांच साल की उम्र से क्रिकेट खेल रहे वैभव सूर्यवंशी की इंडिया टीम में एंट्री।
पटेल मैदान से 2 क्रिके​​​​​​टर इंडिया टीम के प्लेयर बने

वैभव के कोच रहे ब्रजेश झा ने कहा कि समस्तीपुर का पटेल मैदान लगातार दूसरी बार इंडिया को प्लेयर देने में सफल हुआ है। इससे पहले अनुकूल ठाकुर ने भी इसी मैदान से प्रैक्टिस कर भारतीय टीम में अपनी जगह बनाई थी। आज फिर वैभव ने भी यह सफलता पाकर समस्तीपुर और बिहार के लोगों को गदगद कर दिया है।

वैभव की सफलता के पीछे उसकी कड़ी मेहनत के साथ ही उनके माता-पिता का भी श्रेय है। सुबह 4 बजे से ही उठकर वे वैभव को प्रैक्टिस के लिए तैयार करते थे। उनकी इस मेहनत और कुर्बानी को भुलाया नहीं जा सकता है। आज अगर वैभव इस मुकाम पर पहुंचा है तो इसमें पटेल मैदान के सीनियर खिलाड़ी के साथ ही उनके माता-पिता का भी बहुत बड़ा योगदान है।

30 सितंबर से शुरू होगी चार दिवसीय सीरीज

टीम इंडिया के पूर्व कोच राहुल द्रविड के बेटे समित द्रविड भी भारतीय अंडर-19 टीम में चुने गए हैं। उत्तर प्रदेश के मोहम्मद अमान को वनडे टीम की कप्तानी सौंपी गई है। जबकि मध्य प्रदेश के सोहम पटवर्धन 4 दिवसीय सीरीज में भारतीय टीम के कप्तान बनाए गए हैं।

30 सितंबर से 3 अक्टूबर तक चेन्नई में पहला मल्टी डे सीरीज होगा। वहीं, दूसरा 7 अक्टूबर से 10 अक्टूबर तक आयोजित की जाएगी। वनडे सीरीज 21, 23 और 26 सितंबर को होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *