Featured

बिहार: पांच रुपये के कुरकुरे के लिए दोस्त बना हैवान, चाकू मारकर उतार दिया मौत के घाट

गोपालगंज में एक अनोखा मामला सामने आया है. यहां एक युवक ने पांच रुपये के कुरकुरे के लिए शराब के नशे में अपने दोस्त को मार डाला. पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए आरोपी युवक को अरेस्ट कर लिया है.

बिहार के गोपालगंज से हैरान कर देने वाला एक मामला सामने आया है. जहां एक युवक ने महज पांच रुपये के कुरकुरे के लिए अपने दोस्त को चाकू से गोदकर मौत के घाट उतार दिया. पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात का 24 घंटे के अंदर खुलासा करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी के पास से हत्या में इस्तेमाल चाकू समेत अन्य सामान को बरामद कर लिया है.

एसडीपीओ प्रांजल ने बताया कि हत्या के बाद जांच में ये बात सामने आई है कि महज पांच रुपये के कुरकुरे के लिए दोनों दोस्तों के बीच विवाद हुआ और विवाद इतना बढ़ गया कि युवक ने अपने ही दोस्त की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी. हत्या की सूचना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला. इस दौरान पुलिस को सीसीटीवी फुटेज से कई अहम सुराग हाथ लगे और पुलिस टीम आरोपी तक पहुंच गई. इस मामले में एफएसएल की टीम से भी मदद ली गई थी.

 

बचपन से थी दोनों में गहरी दोस्ती 

बताया जाता है कि मृतक सावन कुमार और आरोपी बचपन से ही गहरे दोस्त थे. दोनों एक साथ ही कहीं आते-जाते थे, लेकिन पांच रुपये के कुरकुरे दोनों की दोस्ती में दरार बन जाएगा शायद ये किसी को मालूम नहीं था.

24 घंटे में हत्याकांड का खुलासा 

नगर थाना क्षेत्र के ऑफिसर कॉलोनी के समीप युवक सावन कुमार हत्याकांड का पुलिस ने महज 24 घंटे के अंदर खुलासा कर लिया है. हत्याकांड में शामिल मृतक के दोस्त को गिरफ्तार कर लिया गया है. रविवार की देर रात करीब 11 बजे के आसपास सावन कुमार को उसके दोस्त ने घर से बुलाया और दोनों ने शराब पार्टी की. शराब के नशे में दोनों के बीच कुरकुरे को लेकर विवाद हो गया और फिर दोस्त ने चाकू से गोदकर अपने दोस्त को मौत के घाट उतार दिया. युवक की हत्या के बाद परिजनों ने युवक के शव को एनएच 27 पर रख कर जाम कर दिया था और जमकर हंगामा किया था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *