डिप्टी CM विजय सिन्हा ने कहा है कि अब जंगल राज वाला बिहार फिर नहीं लौटेगा। जंगल राज लाने वाले यात्रा कर रहें है।
डिप्टी CM विजय सिन्हा ने तेजस्वी की यात्रा पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि अब जंगल राज वाला बिहार फिर नहीं लौटेगा। जंगल राज लाने वाले यात्रा कर रहें है। अब बिहार गाली नहीं सम्मान बन रहा है। तेजस्वी की यात्रा से अब जंगल राज लौटने वाला नहीं है। बिहार के लोग अब विकास देखते हैं ना की जंगल राज। आज देश के पहले राष्ट्रपति डॉ. राजेन्द्र प्रसाद के जयंती के मौके पर मीडिया से बात करते हुए डिप्टी CM ने तेजस्वी के यात्रा पर सवाल खड़े किए।
कल से शुरू हो रही तेजस्वी की यात्रा
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव कल यानी 4 दिसंबर से एक बार फिर संवाद यात्रा पर निकलने वाले हैं। कल से शुरू हो रहे कार्यकर्ता दर्शन सह संवाद कार्यक्रम के जरिए तेजस्वी कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे और 2025 चुनाव को लेकर पार्टी को मजबूत बनाएंगे। राजद प्रवक्ता चित्तरंजन गगन ने बताया कि नेता प्रतिपक्ष 4 दिसंबर को मुंगेर, 5 दिसंबर को खगड़िया, 6 दिसंबर को बेगुसराय और 7 दिसंबर को लखीसराय और शेखपुरा जिलाें के कार्यकर्ताओं के साथ संयुक्त रुप से लखीसराय में हीं संवाद करेंगे।
राजद प्रवक्ता ने बताया कि यात्रा के अगले चरण में 15 दिसंबर को सुपौल, 16 दिसंबर को सहरसा, 17 दिसंबर को मधेपुरा, 18 दिसंबर को अररिया, 19 दिसंबर को किशनगंज, 20 दिसंबर को पूर्णिया, 21 दिसंबर को कटिहार और 22 दिसंबर को भागलपुर में कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करेंगे। पहले दो चरणों की यात्रा में छ: जिलों समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, बांका और जमुई जिले में यात्रा का कार्यक्रम पूरा हो चुका है। झारखंड में चुनाव की घोषणा हो जाने के कारण उन्हें अपनी दूसरे चरण की यात्रा को बीच में हीं रोकना पड़ा था।
डॉ. राजेन्द्र प्रसाद की जयंती मना रहे NDA नेता
बता दें कि आज मुख्यमंत्री सहित NDA के तमाम बड़े नेता राजेंद्र प्रसाद की जयंती मना रहे हैं। इस अवसर पर सभी ने उनकी प्रतिमा पर फूल अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। यह सभी बातें डिप्टी CM विजय सिन्हा ने इसी कार्यक्रम के दौरान कही। उन्होंने आगे कहा कि राजेंद्र बाबू ने ना सिर्फ बिहार का देश का गौरव बढ़ाया बल्कि पूरे देश का भी गौरव बढ़ाया है। हम सभी आज राजेंद्र बाबू को याद कर रहे हैं।




