Featured

डीडीसी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति की हुई बैठक


आज समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ.भीमराव अंबेडकर सभागार में उप विकास आयुक्त, दरभंगा श्री स्वप्निल की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं तथा विभागीय कार्यों की प्रगति के साथ-साथ जन शिकायतों, न्यायालय संबंधी मामलों एवं विभिन्न पोर्टलों के माध्यम से प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक की शुरुआत में उप विकास आयुक्त द्वारा सीडब्ल्यूजेसी/एमजेसी, मानवाधिकार, लोकायुक्त, आरटीपीएस, लोक शिकायत निवारण, सीपीग्राम, ई-कंप्लायंस डैशबोर्ड तथा राजस्व जन शिकायत सहित विभिन्न मामलों की विभागवार प्रगति की समीक्षा की गई।
उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को लंबित मामलों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने तथा पोर्टलों पर प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों के निष्पादन की नियमित रूप से निगरानी करने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त ने जिले के सभी अंचल अधिकारियों को पर्चा वितरण के लिए निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप लाभुकों/मामलों को चिन्हित करने का निर्देश दिया। बताया गया कि दरभंगा जिले के लिए पर्चा वितरण हेतु 1,800 का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने संबंधित अंचल अधिकारियों को लक्ष्य के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा कार्य में अपेक्षित प्रगति लाने का निर्देश दिया।
अपर समाहर्ता (राजस्व) श्री रोहित कुमार ने सभी अंचल अधिकारियों को परिमार्जन हेतु प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि लंबित परिमार्जन आवेदनों के शीघ्र निष्पादन से अधिक से अधिक किसानों का फार्मर रजिस्ट्रेशन आईडी तैयार करने में सहायता मिलेगी।

बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित मामलों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुए उप विकास आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि न्यायालय संबंधी मामलों, जन शिकायतों एवं विभिन्न ऑनलाइन पोर्टलों से प्राप्त मामलों के निष्पादन में अनावश्यक विलंब न हो। उन्होंने विभागीय स्तर पर लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करते हुए समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी श्री राजेश कुमार गुप्ता, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) श्री सलीम अख्तर, जिला पंचायती राज पदाधिकारी श्री पवन कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री आशिष अमन सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।
वहीं, जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *