गांजा पीने से रोका तो भतीजे ने मारा चाकू:सहरसा में चाची समेत 3 घायल, बीच-बचाव करने आए चाचा के गर्दन की नस कटी।
सहरसा के सदर थाना क्षेत्र के फकीर टोला में एक परिवार में गांजा पीने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। 19 वर्षीय लक्की को गांजा पीने से मना करने पर उसने अपने दो चाचाओं और एक चाची पर चाकू से हमला कर दिया। घटना में मोहम्मद रफीक(35), मोहम्मद सईद(30) और उसकी पत्नी रवीना खातून(27) घायल हुए हैं।
मंगलवार रात सईद ने लक्की को गांजा पीते देखा और उसे डांटा। इस पर लक्की ने सईद के बाएं हाथ पर चाकू से वार कर दिया।अगले दिन सुबह 9 बजे जब रवीना खातून ने इस घटना को लेकर लक्की के परिवार से बात की, तो विवाद बढ़ गया। लक्की ने रवीना के बाएं जांघ में चाकू घोंप दिया। बीच-बचाव करने आए मोहम्मद रफीक की गर्दन पर भी चाकू से वार किया गया।
रफीक की गर्दन की नस कटी
तीनों घायलों को सहरसा सदर अस्पताल लाया गया। रफीक की गर्दन की नस कट जाने से लगातार खून बह रहा था। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।
अस्पताल में तैनात डॉक्टर राजेश कुमार ने बताया कि दो घायलों का इलाज यहीं चल रहा है। सदर थाना अध्यक्ष सुबोध कुमार ने कहा कि घटना की जानकारी मिली है और शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
