Featured

मधुबनी : भाई ने कहा- छिपकर सिंदूर लगाती थी बहन:मधुबनी में 36 घंटे बाद नदी से मिला शव, सुसाइड नोट में लिखा-आपने मेरे प्यार को नहीं समझा

मधुबनी में एक लड़की ने धौंस नदी में कूद अपनी जान दे दी। 36 घंटे बाद सोमवार को नंदनी (18) का शव मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। घटना शनिवार की रात बिस्फी थाना क्षेत्र के बलहा घाट की है। इधर, लड़की के भाई ने बताया कि नंदनी पास में ही सिलाई सीखने जाती थी।

इसी दौरान नाबालिग लड़के से प्रेम-प्रसंग शुरू हो गया। दोनों ने चुपके से शादी भी कर ली। नंदनी छिपकर सिंदूर भी लगाती थी। करीब 20 दिनों पहले लड़के के परिजनों ने नंदनी को पीटा भी था। साथ ही उसे अपनाने से इनकार कर दिया था। इसके बाद से नंदनी परेशान थी। हम लोगों ने लड़के और उसके परिवार पर कार्रवाई की मांग को लेकर बिस्फी थाना का घेराव भी किया था।नंदनी शनिवार की देर रात धौंस नदी पर बने पुल पर चुपचाप बैठी थी। लोगों ने उससे कुछ पूछताछ नहीं की। इसी बीच उसने अचानक पुल से नदी में छलांग लगा दी। लोगों ने कूदते देखा तो अफरा तफरी मच गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। नंदनी ने नदी में कूदने से पहले सुसाइड नोट भी छोड़ा था, जिसमें लड़के से प्यार और शादी की बात लिखी गई है।

सुसाइड नोट में लिखा- आपसे बोली थी ना कि हमारी शादी नहीं हुई तो मैं मर जाऊंगी

नंदनी ने नदी में कूदने से पहले पुल पर लड़के के नाम एक सुसाइड नोट छोड़ा। उसमें लिखा है… राहुल (काल्पनिक नाम).. आपसे जो चाहती हूं ना, वह बेपनाह है। पर आपने मुझे नहीं समझा। मेरे प्यार को नहीं समझा। इज्जत का कुछ नहीं कहना, मैं सब कुछ छोड़ कर आई थी आपके पास। पर आपने मुझे फिर से ठुकरा दिया।

आज तक इसी आस में जी रही थी कि एक न एक दिन आपका भी दिल पिघल जाएगा और आप मुझे अपना लेंगे। अपने साथ, अपने पास रख लेंगे, पर ऐसा कुछ नहीं हुआ। एक लड़की पूरी दुनिया को जीत ले। मगर अपने पति का दिल ही ना जीत पाए तो उस लड़की का कोई वजूद नहीं होता है।

लड़के का नाम… मैं आपसे बोली थी ना कि हमारी शादी नहीं हुई तो मैं मर जाऊंगी। अलविदा, अब आपकी नंदनी आपसे बहुत दूर जा रही। अपना ख्याल रखना और खुश रहना। मेरे लिए आप अपने दिल में सिर्फ अच्छी याद रखना। मुझसे जो भी गलती हुई होगी, उसके लिए प्लीज मुझे माफ कर देना। आई लव यू… लड़के का नाम।

नंदनी के भाई विक्रम साह ने बताया कि वो सिलाई सीखने जाती थी, इसी दौरान उसका अफेयर शुरू हो गया।
2 साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग

नंदनी के भाई विक्रम साह ने बताया कि वो दो बहन, एक भाई हैं। नंदनी से छोटी एक बहन है। पिता चाय-नाश्ता की छोटी सी दुकान चलाते हैं। नंदनी ने 9वीं क्लास तक की पढ़ाई की थी। दो साल पहले नंदनी अपने पड़ोस में ही लड़के के घर सिलाई सीखने जाया करती थी। इस बीच लड़के मां कहा करती थी कि नंदनी को अपने घर की बहू बनाएंगे। इसी दौरान नंदनी और लड़के के बीच प्रेम-प्रसंग शुरू हो गया। दोनों ने चुपके से शादी भी कर ली। नंदनी ने शनिवार की रात धौंस नदी में कूद अपनी जान दे दी थी।
विक्रम साह के अनुसार, नंदनी छिपकर सिंदूर भी लगाती थी और लड़के की फोटो के साथ रील बनाकर सोशल साइट्स पर भी अपलोड करती थी। विक्रम ने बताया जब हमें नंदनी की शादी करने की बात पता चली तो हमने लड़के के परिजनों से बात की। हमने अपनी हैसियत के अनुसार दहेज देने की बात की, लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया।

नंदनी के साथ मारपीट कर घर से निकाला दिया था

विक्रम ने बताया कि 20 दिन पहले लड़के ने फोन कर नंदनी को अपने घर बुलाया था। यहां लड़के की फैमिली ने उसके साथ मारपीट की और उसे घर से निकाल दिया। इसके बाद से नंदनी काफी परेशान थी। इसी के बाद उसने शनिवार की रात आत्महत्या की। लड़के की मां ने कहा- सारे आरोप गलत

वहीं, लड़के की मां ने बताया कि हमारे ऊपर लगाए गए सारे आरोप गलत है। लड़की की मां कहती थी कि तुम्हारे बेटे के साथ मेरी बेटी ने शादी की है। मैं कहती थी कि अगर ऐसा है तो प्रूफ दो। लेकिन, वो प्रूफ नहीं देती थी। लड़की की मां हमें बदनाम कर रही है।

हम हर बिंदू पर जांच कर रहे: एसपी

मधुबनी एसपी सुशील कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। शव बरामद कर लिया गया है। इसमें कुछ पहलू भी सामने आया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर हम आगे की कार्रवाई करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *