Featuredदरभंगा

संदिग्ध स्थिति में दो बच्चों की मां की मौत, ससुराल वालों पर गले में फंदा डालकर हत्या का आरोप।

दरभंगा: जिले के कुशेश्वरस्थान थानाक्षेत्र के कछुआ गांव में रविवार को संदिग्ध स्थिति में दो बच्चों की मां की मौत हो गयी। हालांकि मृतका के भाई ने ससुराल वालों पर गले में फंदा डालकर हत्या का आरोप लगाया है।

मृतका गौड़ी शंकर राय के पुत्र बैजनाथ राय की पत्नी मीनू देवी (25) थी। घटना दोपहर तीन बजे की बतायी जा रही है।

मृतका के भाई भिंडुआ निवासी ब्रजेश कुमार राय ने बताया कि मेरी बहन के देवर लक्ष्मण कुमार राय ने मोबाइल फोन पर सूचना दी कि आपकी बहन ने घर की बरेड़ी में दुपट्टे से गले में फंदा डालकर आत्महत्या कर ली है।

आप जल्दी आइए। सूचना मिलते ही कुछ ग्रामीणों के साथ कछुआ पहुंचे तो मेरी बहन का शव फंदे से झूल रहा था। वहां आस-पड़ोस की कई महिलाएं तमाशबीन बनी खड़ी थीं।

शव को देखने से ऐसा नहीं लगता था कि उसने खुदकुशी की है क्योंकि उसका घुटना घर में रखे पलंग से सटा हुआ था।

ब्रजेश ने बताया कि पूछताछ करने पर बहन की ननद समता कुमारी ने बताया कि आंगन में कोई नहीं था। भाभी ने कब आत्महत्या कर ली, यह नहीं मालूम। काफी देर बाद आंगन आयी तो भाभी को फंदे से लटका देख इसकी सूचना मां और पिताजी को दी। ब्रजेश ने कहा कि ससुराल वाले दहेज के रूप में मोटी राशि की मांग करते थे। इसके लिए वे मेरी बहन के साथ मारपीट भी करता था।

मृतका के भाई की सूचना पर प्रशिक्षु दारोगा नर्मदेश्वर सहनी मौके पर पहुंचे और शव को फंदे से उतारकर अपने कब्जे में ले लिया। दरभंगा में बैठक में भाग ले रहे थाना अध्यक्ष राकेश कुमार सिंह को उन्होंने सूचना दी। बैठक की समाप्ति के बाद थाना अध्यक्ष श्री सिंह ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम को डीएमसीएच भेज दिया। मृतका के भाई ने थाना अध्यक्ष को आवेदन दिया। आवेदन में ससुराल वालों पर बहन की हत्या का आरोप लगाया गया है। थाना अध्यक्ष ने कहा कि जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *