सहरसा में सड़क हादसे में गार्ड की मौत:साइकिल से ड्यूटी जाते समय बालू लदे ट्रक ने कुचला, ड्राइवर गाड़ी छोड़ भागा।
सहरसा में सड़क हादसे में सदर अस्पताल के एक सुरक्षा गार्ड की मौत हो गई। यह घटना शनिवार को रहूआ चौक जाने वाली मुख्य मार्ग पर हुई। मृतक की पहचान सहरसा के बनगांव थाना क्षेत्र के मुरली बंसतपुर वार्ड 13 निवासी 60 वर्षीय ललन चौधरी के रूप में हुई है।
गलत दिशा से आकर कुचला, मौके पर ही तोड़ा दम
ललन चौधरी रोज की तरह शनिवार को सदर अस्पताल सहरसा में अपनी ड्यूटी के लिए साइकिल से घर से निकल रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे एक बालू लदे ट्रक ने उन्हें गलत दिशा से आकर कुचल दिया। इस हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है।
परिवार में चार बेटियां और एक बेटा
ललन चौधरी के परिवार में पांच संतानें हैं, जिनमें चार बेटियां और एक बेटा शामिल है। उनके बेटे दीपक ने बताया कि पहले उनके पिता की ड्यूटी सुबह 6 बजे की शिफ्ट में होती थी, लेकिन अस्पताल में रोस्टर बदलने के बाद उनकी ड्यूटी 9 बजे के बाद लगाई गई थी।
सहरसा सदर थाना अध्यक्ष सुबोध कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर आगे की आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
