Featuredदरभंगा

50 हजार मीट्रिक टन की क्षमता वाले साइलो स्टोरेज का हुआ उद्घाटन।

दरभंगा: खाद्य व उपभोक्ता मामलों के राज्यमंत्री अश्विनी चौबे ने रविवार को जाले प्रखंड के जोगियारा में भारतीय खाद्य निगम के 50 हजार मीट्रिक टन की क्षमता वाले साइलो स्टोरेज का उद्घाटन किया।

इस मौके पर उन्होंने कहा कि समस्तीपुर में भी 50 हजार मीट्रिक टन क्षमता वाला एक साइलो स्टोरेज बनकर तैयार है। इसका भी उद्घाटन जल्द होगा। इसके अतिरिक्त अगली बार पीएम मोदी की सरकार बनने पर मिथिला को एक और साइलो स्टोरेज की सौगात मिलेगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मिथिला के विकास को लेकर सतत चिंतित रहते हैं। इसका जीता-जागता उदाहरण जोगियारा में 134 करोड़ रुपए की लागत से बना यह 50 हजार मीट्रिक टन क्षमता वाला साइलो स्टोरेज है।

अब मिथिला के किसान 2275 रुपए प्रति क्विंटल गेहूं साइलो पर बेचकर अपनी आर्थिक स्थिति को सुधार सकते हैं। उन्होंने देश की विपक्षी पार्टियों पर करारा प्रहार करते हुए कहा कि खानदानी पार्टियों ने देश में भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया है।

इससे देश की आर्थिक स्थिति कमजोर हो चुकी थी। जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खानदानी भ्रष्टाचारियों पर कार्रवाई करने की पहल की तो लोगों ने ईडी, सीबीआई आदि जांच एजेंसियों पर सवाल खड़े करने की कोशिश की, ताकि वह जनता को गुमराह कर सके।

उन्होंने कहा कि देश में पप्पू, लल्लू, सप्पू और गप्पू ये खानदानी लोग भ्रष्टाचारी हैं, खानदानवादी हैं और ऐसे लोग सत्ता में आने का सपना देख रहे हैं। अगले चुनाव में जनता इन्हें सबक सिखाएगी।

उन्होंने दावा किया कि अगली बार 400 पार की संख्या से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पुन एनडीए की सरकार बनेगी। उन्होंने हिंदू का सर्टिफिकेट बांटने वाले लोगों पर करारा प्रहार करते हुए कहा कि जिन्हें हिंदुत्व में विश्वास नहीं, जो हिंदुत्व को खत्म करने के लिए सदैव अग्रसर रहते हैं, वे हिंदू का सर्टिफिकेट न बांटें।

जनता यह सब कुछ समझ रही है। समारोह को मधुबनी के सांसद डॉ. अशोक कुमार यादव, क्षेत्रीय विधायक सह पूर्व मंत्री जीवेश कुमार, राज्यसभा सांसद डॉ. धर्मशीला गुप्ता और भाजपा जिला अध्यक्ष जीवछ सहनी ने संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हो रहे विकास एवं कल्याणकारी कार्यों की चर्चा की। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय खाद्य निगम के कार्यकारी निदेशक, नई दिल्ली अजीत कुमार सिन्हा और संचालन सिखा कुमारी ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *