Featuredदरभंगा

मारपीट में घायल हेडमास्टर की इलाज के दौरान मौत।

घर में घुसकर चार-पांच युवकों द्वारा मारपीट करने से घायल लहेरियासराय थाना क्षेत्र के मोगलपुरा निवासी शिक्षक अकील अहमद अंसारी की मौत हो गई। वे लहेरियासराय के सैदनगर स्थित सराय सत्तार खान मध्य विद्यालय में एचएम के पद पर कार्यरत थे।

घायल होने के बाद इनका इलाज शहर के एक निजी अस्पताल में चल रहा था। वहां सोमवार देर रात इनकी मौत हो गई। बताया जाता है कि मोगलपुरा स्थित उनके मकान के मुख्य द्वार को खुलवाकर शनिवार अलसुबह तीन-चार युवक जबरन घर में प्रवेश कर गये और एचएम अकील अहमद अख्तर को बेरहमी से पीटने लगे। इसे देख जब मकान की ऊपरी मंजिल पर बने लॉज में रहने वाले छात्र उन्हें बचाने पहुंचे तो अपराधियों ने पिस्टल दिखाकर सबको भगा दिया। फिर लकड़ी के टुकड़े से पीटकर अकील को अधमरा करने के बाद मकान के मुख्य द्वार में ताला जड़ फरार हो गये।

बड़े भाई डॉ. कफील अख्तर अंसारी ने बताया कि जब हमला हुआ तो ग्राउंड फ्लोर के घर में अकील अख्तर अंसारी अकेले थे और पत्नी बच्चों के साथ थाना क्षेत्र के महाराजगंज स्थित मायके गई हुई थी। मकान की पहली मंजिल पर बने लॉज में कई छात्र मौजूद थे। उन्होंने बताया कि घटना का कारण हमलोग समझ नहीं पा रहे हैं। शिक्षाविद होने के कारण मेरे भाई की किसी से रंजिश भी नहीं थी। उन्होंने पुलिस पर भी लापरवाही बरतने का आरोप लगाया और बताया कि सूचना पर पहुंची लहेरियासराय पुलिस घटनास्थल का मुआयना कर वापस लौट गई पर मारपीट में प्रयुक्त लकड़ी के टुकड़े आदि के साथ आरोपितों की छूटी चप्पल को वहीं छोड़ दिया।

इधर, घटना से मोहल्ले के लोग डरे हुए हैं और कई तरह की बातें कर रहे हैं। पुलिस ने मंगलवार को पंचनामे के बाद शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया। मृतक अपने पीछे दो नाबालिग पुत्रों और एक पुत्री को छोड़ गये हैं। परिवार में मातम पसरा है और अंजुम फातमा रोते-रोते बार-बार बेहोश हो रही हैं।

शाम में मदरसा किलाघाट में जनाजे की नमाज पढ़ी गई तथा उन्हें सुपुर्दे खाक कर दिया गया। लोगों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। उनके निधन पर जिला प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष संजय कुमार झा, प्रधान सचिव श्रीनारायण मंडल, श्यामानंद आजाद, संजीव कुमार मिश्रा, राजकिशोर, महाशंकर झा, टीचर्स क्लब के सतीश चंद्र प्रसाद, पवन कुमार यादव, संतोष झा, प्राथमिक शिक्षक संघ गोप गुट के जिला सचिव नंदन कुमार सिंह के अलावा दरभंगा प्राथमिक शिक्षक संघ के सीताराम झा, चंदेश्वर चौबे, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के जिला मंत्री रमेंद्र नारायण महतो रामनाथ आदि ने शोक व्यक्त किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *