Featured

बेगूसराय : बेगूसराय में हथियार के साथ फोटो वायरल:FIR दर्ज कर आरोपी की तलाश में पुलिस

FIR दर्ज कर आरोपी की तलाश में पुलिस
बेगूसराय में प्रशासन की लाख कड़ाई के बावजूद हथियारों का प्रदर्शन करते हुए फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने का मामला थम नहीं रहा है। अब वीरपुर थाना क्षेत्र में हथियार के प्रदर्शन का फोटो सामने आया है। मामले का सत्यापन होने के बाद पुलिस FIR दर्ज कर आरोपियों को खोज रही है।

वीरपुर थानाध्यक्ष संजीव कुमार के बयान पर दर्ज FIR में वीरपुर थाना क्षेत्र के हरिहरपुर वरैपुरा निवासी विशाल कुमार, वरैपुरा निवासी श्रवण चौरसिया, पकड़ी निवासी रूपेश कुमार और जगदर निवासी मनीष देवा सहनी को नामजद किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार पुलिस की सोशल मीडिया सेल ने उक्त फोटो पर संज्ञान लेते हुए सत्यापन के लिए वीरपुर थानाध्यक्ष को भेजा था।

थानाध्यक्ष ने बताया कि वरीय अधिकारियों के निर्देश पर प्रसारित फोटो में दिख रहे युवकों की पहचान की गई है। स्थानीय लोगों से पुलिस को जानकारी मिली है कि चारों युवक बेगूसराय समेत अन्य जिला में हथियार के बल पर लूटपाट करते हैं। इसके बाद भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत FIR दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि अवैध हथियार के प्रदर्शन और हर्ष फायरिंग को लेकर बिहार पुलिस मुख्यालय द्वारा सख्ती बरतने का निर्देश है। पहले भी बेगूसराय पुलिस द्वारा दर्जन भर से अधिक मामलों में हथियार लहराए जाने का फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जाने पर कार्रवाई की जा चुकी है। इसके बाद भी हथियारों का प्रदर्शन थम नहीं रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *