दरभंगा में वोटर अधिकार यात्रा का जलवा, राहुल-प्रियंका की बुलेट सवारी, तेजस्वी संग संविधान दिखाकर लोगों ने किया स्वागत।
बिहार की राजनीति में बुधवार का दिन ऐतिहासिक रहा। वोटर अधिकार यात्रा के दौरान कांग्रेस सांसद और लोकसभा में प्रतिपक्ष नेता राहुल गांधी ने बहन प्रियंका गांधी वाड्रा और राजद नेता तेजस्वी यादव के साथ दरभंगा से सियासी शक्ति प्रदर्शन का आगाज किया।
जीवछ घाट से यात्रा की शुरुआत हुई और जैसे ही काफिला NH-27 पर पहुंचा, माहौल जश्न में बदल गया। राहुल गांधी बुलेट पर सवार थे और पिछली सीट पर प्रियंका गांधी बैठी थीं, जबकि तेजस्वी यादव ने भी बुलेट संभाल ली। सड़कों के किनारे खड़े लोगों ने संविधान की प्रति दिखाकर स्वागत किया और जगह-जगह जयकारे गूंज उठे।
यात्रा के दौरान भराठी चौक पर किसानों ने ट्रैक्टर मार्च निकालकर राहुल-प्रियंका-तेजस्वी की तिकड़ी का समर्थन जताया। इससे साफ हो गया कि यह यात्रा आम जनता और किसानों के बीच गहराई तक पहुंच बना रही है।
यह काफिला दरभंगा के विभिन्न चौक-चौराहों से होते हुए मुजफ्फरपुर जिले में दाखिल हो गया और देर शाम सीतामढ़ी पहुंचेगा। वहां प्रियंका गांधी माता सीता की जन्मभूमि पुनौरा धाम मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी।
यात्रा में कांग्रेस और राजद नेताओं के अलावा तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन और डीएमके की सांसद कनीमोझी भी शामिल हैं, जिससे इसे राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूती मिली है।यात्रा के प्रति लोगों का उत्साह देखने लायक था। सड़क किनारे जुटे किसानों, मजदूरों और कारीगरों ने खुलकर समर्थन दिया।
