Saturday, May 16, 2026
Homeआयुक्त ने डीएमसीएच सुपर स्पेशलिटी का किया निरीक्षण,स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा कर...

आयुक्त ने डीएमसीएच सुपर स्पेशलिटी का किया निरीक्षण,स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश

- Advertisement -

आयुक्त, दरभंगा प्रमंडल, दरभंगा श्री हिमांशु कुमार राय ने आज डीएमसीएच सुपर स्पेशलिटी अस्पताल का औचक निरीक्षण किया तथा अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की।

- Advertisement -

निरीक्षण के उपरांत आयोजित समीक्षा बैठक में अस्पताल प्रशासन,चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ जनहित के लिए विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।

- Advertisement -

बैठक के दौरान चिकित्सकों द्वारा बताया गया कि वर्तमान में सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में कुल 06 विभाग संचालित हैं, जबकि अस्पताल में कुल 08 विभाग संचालित किए जाने हैं। इस पर आयुक्त महोदय ने शेष विभागों को भी शीघ्र प्रारंभ करने का निर्देश दिया।

- Advertisement -

समीक्षा के क्रम में चिकित्सकों ने एनेस्थीसिया एवं रेडियोलॉजी विभाग में चिकित्सकों की आवश्यकता से अवगत कराया। डॉक्टर द्वारा बताया गया की 401 एक्स रे आज किया गया है।

आयुक्त महोदय ने अस्पताल में उपलब्ध एंबुलेंस सेवा, ब्लड बैंक,दवा की उपलब्धता एवं दवा स्टॉक की भी जानकारी प्राप्त की।

उन्होंने यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि मरीजों को अस्पताल से ही आवश्यक दवाएं उपलब्ध हों तथा उन्हें बाहर से दवा खरीदने की आवश्यकता न पड़े। डीएमसीएच के अधीक्षक द्वारा बताया गया कि 612 दवाओं में से अभी 208 दवाई रोगियों के लिए उपलब्ध है जो आवश्यकता के अनुरूप निःशुल्क वितरण किया जाता है।विभाग द्वारा निर्धारित सभी प्रकार की दवाई रखना सुनिश्चित करें।

आयुक्त महोदय ने स्पष्ट कहा कि रोगी को परेशानी नहीं होनी चाहिए। समन्वय तथा तत्परता के साथ रोगियों को सभी प्रकार की आधारभूत सुविधा उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

आयुक्त महोदय ने बिहार मेडिकल सर्विसेज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर कॉरपोरेशन लिमिटेड (BMSICL) को प्रत्येक माह दवाओं की आपूर्ति कराने का निर्देश दिया। साथ ही दवा वितरण व्यवस्था की नियमित निगरानी करने को कहा।

उन्होंने अस्पताल में चिकित्सकों,कर्मियों एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए अधीक्षक डीएमसीएच, प्राचार्य, सिविल सर्जन एवं संबंधित चिकित्सकों के साथ बैठक कर आवश्यक मानव संसाधन का विस्तृत प्रतिवेदन तैयार कर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

आयुक्त महोदय ने चिकित्सकों को मरीजों को अनावश्यक रूप से रेफर नहीं करने का भी निर्देश दिया।

बैठक में ऑक्सीजन सिलेंडर की उपलब्धता,ओटी असिस्टेंट,सीनियर रेजिडेंट एवं अन्य विशेषज्ञ चिकित्सकों की आवश्यकता पर भी विस्तार से चर्चा की गई। अस्पताल में 6 लिफ्ट है लेकिन सभी बंद रहने पर आयुक्त महोदय ने नाराजगी व्यक्त की।

आयुक्त महोदय ने अस्पताल परिसर में नियमित साफ-सफाई एवं स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का निर्देश दिया।

बैठक में क्षेत्रीय अपर निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं, दरभंगा प्रमंडल डॉ. राजीव कुमार सिंह,उप निदेशक जनसंपर्क श्री सत्येंद्र प्रसाद, उप निदेशक डॉ. सच्चिदानंद सिंह,चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सरोज कुमार, सिविल सर्जन डॉ. अरुण कुमार, क्षेत्रीय योजना पदाधिकारी श्री आकाश ऐश्वर्य, डॉ संजय कुमार झा,डॉ.हरी दामोदर सिंह, डॉ सुरेन्द्र कुमार, डॉ अमित कुमार झा,सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं चिकित्सक उपस्थित थे l

- Advertisement -
RELATED ARTICLES

Most Popular