जननायक जनता पार्टी के प्रधान महासचिव दिग्विजय सिंह चौटाला ने कहा कि कोरोना अब खत्म हो चुका है, अब सरकार को छात्र लोकतंत्र की बहाली करनी ही होगी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में देश-प्रदेश को अच्छा नेतृत्व देने के लिए छात्र संघ चुनाव बेहद जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि छात्र संघ चुनाव ही साधारण परिवार के छात्रों के लिए मुख्यधारा की राजनीति में अपनी जगह बनाने का एक जरिया है। उन्होंने ऐलान किया कि आने वाले विधानसभा चुनाव में जजपा 50 प्रतिशत सीटें साधारण परिवार के युवाओं को देगी। दिग्विजय सिंह चौटाला मंगलवार को सेक्टर 18 स्थित देशबंधु गुप्ता राजकीय कॉलेज में प्रत्यक्ष छात्र संघ चुनाव बहाली के लिए छात्र संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
इस अवसर पर इनसो राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदीप देशवाल, जजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कुमारी फूलवती, प्रदेश संगठन सचिव देवेंद्र सिंह कादियान, जिला अध्यक्ष सुरेश काला, इनसो नेता बलराज देशवाल उपस्थित रहे।
‘युवाओं को मिलेंगे ज्यादा मौके’
दिग्विजय चौटाला ने कहा कि जजपा में इनसो के माध्यम से आम परिवार के छात्र नेता मुख्यधारा की राजनीति में अपनी जगह बना रहे हैं। उन्होंने कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे इनसो राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदीप देशवाल का जिक्र करते हुए कहा कि किसान परिवार से संबंध रखने वाले प्रदीप देशवाल इनसो से जुड़कर राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद तक पहुंचे और जजपा से लोकसभा चुनाव भी लड़ा है। उन्होंने कहा कि अब जरूरी है कि छात्र संघ चुनाव बहाल हों ताकि छात्र राजनीति से आए और युवा देश-प्रदेश का नेतृत्व करें। दिग्विजय छात्रों से कहा कि छात्र संघ चुनाव बहाली के लिए संघर्ष तो करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि लगातार इस मुद्दे पर छात्रों से चर्चा करें, सरकार को पत्र लिखें, ज्ञापन दें।




