समस्तीपुर के रायपुर में खुला स्वास्थ्य उप केंद्र:सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक ओपीडी, टीकाकरण की सुविधा भी उपलब्ध।
समस्तीपुर के वारिसनगर प्रखंड के रायपुर और धनहर पंचायत में सोमवार से स्वास्थ्य उप केंद्र कार्य करने लगा। अब इस इलाके के लोगों को स्वास्थ्य सुविधा के लिए प्रखंड मुख्यालय का चक्कर लगाना नहीं पड़ेगा। लोगों को घर के पास ही मेडिकल सुविधा उपलब्ध होगी।
नव सृजित उपस्वास्थ केंद्र का मुखिया रफत आरा और पूर्व मुखिया सह डॉक्टर इरशाद अहमद, पीएचसी प्रभारी डॉक्टर धुरंधर सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर उद्घाटन किया। पीएचसी प्रभारी डॉक्टर धुरंधर सिंह ने बताया कि नव सृजित उप स्वास्थ्य केंद्र से गांवों के लोगों को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान होगी।
केंद्र को जनता के उपयोग के लिए आधिकारिक तौर पर शुरू किया गया है। इस केंद्र के खुलने से गांवों के लोगों को सर्दी, बुखार, खांसी जैसी बीमारियों के इलाज के लिए पीएचसी अस्पताल तक जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
उप-स्वास्थ्य केंद्र पर ओपीडी सेवाएं, स्वास्थ्य जांच और टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इससे ग्रामीणों के समय और पैसे दोनों की बचत होगी। सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक ओपीडी कार्यरत रहेगा।
उद्घाटन के बाद मरीजों का चल रहा इलाज।
मौके पर ये रहे मौजूद
मौके पर स्वास्थ्य प्रबंधक संजय कुमार चौधरी, लेखापाल अमित कुमार राय, एएनएम कुमारी ममता, नीतु कुमारी, ज्योति कुमारी, युनिसेफ बीएमसी दिलीप कुमार झा, प्रधान लिपिक कुणाल कुमार, डाॅ कृष्णा कश्यप सहित अन्य मौजूद थे।
