मधुबनी में स्वच्छता ही सेवा अभियान शुरू करने की तैयारी:अधिकारियों के साथ जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक रौशन कुमार ।
स्वच्छता ही सेवा अभियान-2025 को लेकर जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने को समाहरणालय में अधिकारियों के साथ बैठक की। मधुबनी में स्वच्छता ही सेवा अभियान-2025 को लेकर जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने सोमवार को समाहरणालय में अधिकारियों के साथ बैठक की। अभियान 14 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगा। जिलाधिकारी ने नगर निगम मधुबनी सहित सभी नगर निकायों को निर्देश दिए। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई के लिए ब्लैक स्पॉट चिन्हित करने को कहा। साथ ही सफाई के पहले और बाद के फोटो पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए।
अभियान में कई गतिविधियां होंगी। इनमें स्वच्छता रैली, वृक्षारोपण, स्कूल-कॉलेज में पेंटिंग प्रतियोगिता और प्रभातफेरी शामिल हैं। साथ ही एक पत्र अभिभावक के नाम कार्यक्रम भी होगा। तालाब, बस स्टैंड और मंदिर जैसे सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलेगा। इसके अलावा स्वच्छता शपथ, स्लोगन राइटिंग, भाषण, निबंध लेखन और मेहंदी प्रतियोगिताएं भी होंगी। इन कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्वयंसेवी संस्थाओं के सदस्य हिस्सा लेंगे।
विशेष कार्यक्रमों में “तीन दिन एक गांव” अभियान, बिहार हमारा गौरव, स्वच्छता संवाद और स्वच्छता दौड़ शामिल हैं। सेल्फी पॉइंट, वॉल पेंटिंग, सेल्फी प्रतियोगिता, विशेष ग्रामसभा और स्वच्छता दीप/रंगोली का भी आयोजन होगा। बैठक में डीडीसी सुमन प्रसाद साह, नगर आयुक्त अनिल कुमार चौधरी, निदेशक डीआरडीए समेत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को 15 दिनों के कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने का निर्देश दिया है।
