Featuredप्रादेशिक

पत्नी एवं बहनोई के अवैध संबंध का विरोध पड़ा महंगा, दोनो ने मिलकर कर दी हत्या।

न्यूज डेस्क: मुजफ्फरपुर जिले के कांटी थानाक्षेत्र के विशुनदत्तपुर निवासी राजमिस्त्री धीरज कुमार की हत्या मामले में गुरुवार को नया मोड़ आ गया। पत्नी के अवैध संबंध का विरोध करने पर धीरज की हत्या की बात सामने आई है। धीरज के पिता उपेंद्र महतो ने कांटी थाना में धीरज की पत्नी पिंकी देवी व अपने दामाद अनिल महतो के खिलाफ केस दर्ज कराया है।

थानाध्यक्ष अरविंद प्रसाद ने बताया कि मृतक के पिता ने धीरज की पत्नी व अपने दामाद के बीच अवैध संबंध और इसका विरोध करने पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है। बताया कि प्रारंभिक छानबीन में भी प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया है। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। उपेंद्र ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि उनके दामाद शेरुकाही निवासी अनिल महतो का धीरज की पत्नी के साथ अवैध संबंध था। अनिल कुछ माह पूर्व धीरज व उसकी पत्नी को दिल्ली ले गया था। वहां धीरज को शराब पिलाकर उसकी हत्या की कोशिश की थी। धीरज वहां से किसी तरह भागकर घर लौट आया। उपेंद्र ने पुलिस को बताया कि अनिल व पिंकी ने चुपके से शादी भी कर ली थी। अनिल ने धीरज को हत्या की धमकी भी दी थी। इसको लेकर कई बार पंचायत भी हुई थी। अंतत बुधवार को उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोतिपों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है।

इधर, पोस्टमार्टम के बाद शव आने पर गुरुवार दोपहर परिजनों व ग्रामीणों ने मुआवजा की मांग को लेकर शव के साथ रेवा रोड में फकीरा चौक के पास एनएच को जाम कर दिया। स्थानीय बुद्धिजीवियों असौर जनप्रतिनिधियों के समझाने पर उन्होंने थोड़ी देर के बाद ही जाम हटा लिया। इसके बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए। बता दें कि बुधवार देर शाम मुजफ्फरपुर शहर से काम के बाद घर लौटने के दौरान धीरज की शुभंकरपुर में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *