Featured

पंचायत विकास दिवस पर जीविका दीदियों ने साझा की सफलता की कहानियाँ,नशामुक्त समाज के निर्माण का लिया संकल्प

पंचायत विकास दिवस के अवसर पर रविवार को दरभंगा जिले के सभी 18 प्रखंडों में जीविका की ओर से उत्साहपूर्वक विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

कार्यक्रमों में हजारों जीविका दीदियों ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण विकास, स्वरोजगार, सामुदायिक सहभागिता एवं नशामुक्त समाज के निर्माण के प्रति अपना सामूहिक संकल्प दोहराया।

इस अवसर पर विभिन्न ग्राम संगठन एवं संकुल स्तरीय संघों के माध्यम से प्रभात फेरियाँ निकाली गईं तथा मद्य निषेध एवं नशामुक्ति अभियान के समर्थन में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

जीविका दीदियों ने नशे से होने वाले सामाजिक, आर्थिक एवं स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों पर विस्तार से चर्चा करते हुए ग्रामीण समुदाय को नशा मुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्त समाज बनाने की सामूहिक शपथ भी ली।

जिला परियोजना प्रबंधक डॉ. ऋचा गर्गी ने कहा कि पंचायत विकास दिवस के अवसर पर जिले के सभी प्रखंडों की जीविका दीदियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी कर यह संदेश दिया है कि सशक्त पंचायत, समृद्ध गांव और विकसित बिहार की परिकल्पना को साकार करने में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि जीविका दीदियाँ आज ग्रामीण विकास, सामाजिक परिवर्तन एवं महिला सशक्तिकरण की मजबूत आधारशिला बन चुकी हैं।

संचार प्रबंधक राजा सागर ने बताया कि विभिन्न प्रखंडों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान लखपति दीदियों एवं मुख्यमंत्री महिला उद्यमी/रोजगार योजना की लाभार्थियों ने अपने संघर्ष, आत्मनिर्भरता और सफलता की प्रेरणादायी कहानियाँ साझा कीं। इन अनुभवों ने अन्य महिलाओं को भी स्वरोजगार अपनाकर आर्थिक रूप से सशक्त बनने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली जीविका दीदियों एवं सामुदायिक संगठनों को सम्मानित भी किया गया। साथ ही महिला सशक्तिकरण, वित्तीय आत्मनिर्भरता, ग्रामीण आजीविका,सामाजिक जागरूकता एवं सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *