कर्पूरी चौक से दोनार चौक तक वन-वे व्यवस्था लागू करने,अतिक्रमण हटाने एवं नो ट्रैफिक जोन विकसित करने का निर्देश
जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में शहर की ट्रैफिक एवं यातायात व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं सुगम बनाने को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में नगर क्षेत्र में बढ़ते यातायात दबाव,सड़क अतिक्रमण तथा आपातकालीन सेवाओं के निर्बाध संचालन पर विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कर्पूरी चौक से दोनार चौक तक वन-वे यातायात व्यवस्था लागू करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।
उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था का उद्देश्य यातायात जाम को कम करना तथा आवागमन को अधिक सुचारु बनाना है।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि एम्बुलेंस सेवा पूर्ववत संचालित रहेगी तथा किसी भी परिस्थिति में आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं में बाधा उत्पन्न नहीं होनी चाहिए।
जिलाधिकारी ने लहेरियासराय टावर से लोहिया चौक तक सड़क के दोनों ओर लगे ठेला, सब्जी विक्रेता, फल विक्रेता एवं अन्य अस्थायी अतिक्रमण को हटाने के लिए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि यातायात संचालन के लिए चयनित क्षेत्रों को नो ट्रैफिक जोन के रूप में विकसित किया जाए तथा वहां यातायात नियंत्रण के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) पर ट्रकों का अनधिकृत ठहराव एवं पार्किंग नहीं होने दी जाएगी। संबंधित थानाध्यक्षों को इसकी नियमित निगरानी एवं अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को समन्वय स्थापित कर यातायात प्रबंधन को प्रभावी बनाने बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराने हेतु समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक श्री अशोक कुमार,प्रभारी अनुमंडल पदाधिकारी सदर श्री संजीत कुमार,अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, संबंधित थानाध्यक्ष एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।




