Featured

मो. फैज हत्याकांड: देर रात परिजनों से मिलने पहुंचे सांसद पप्पू यादव, स्पीडी ट्रायल और SIT जांच की उठी मांग l कांग्रेस के युवा नेता डॉ. मुन्ना खान ने कहा गहराई से हो पूरे मामले की जाँच

दरभंगा के लहेरियासराय थाना क्षेत्र स्थित पुरानी मुंसिफी मोहल्ला निवासी मास्टर असद अहमद के पुत्र मोहम्मद फैज की निर्मम हत्या के बाद शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। इसी बीच पूर्णिया सांसद Pappu Yadav शनिवार देर रात करीब 10 बजे मोहम्मद फैज के आवास पहुंचे और शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की।

सांसद पप्पू यादव ने मोहम्मद फैज के पिता असद अहमद, बड़े और छोटे भाई समेत परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान परिवार ने हत्याकांड की SIT जांच और स्पीडी ट्रायल के माध्यम से दोषियों को जल्द से जल्द सजा दिलाने की मांग रखी।

पप्पू यादव ने कहा कि उन्होंने इस मामले को लेकर दरभंगा के एसएसपी से बातचीत की है और SIT जांच तथा स्पीडी ट्रायल की मांग की है, ताकि मामले की निष्पक्ष जांच हो और पीड़ित परिवार को जल्द न्याय मिल सके। उन्होंने कहा कि पुलिस को हर पहलू पर गंभीरता से जांच करनी चाहिए और किसी भी बिंदु को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।

सांसद ने परिवार को भरोसा दिलाते हुए कहा, “हम हर संभव कोशिश करेंगे और इस न्याय की लड़ाई में आपके साथ खड़े हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले को लेकर संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई की मांग करेंगे।

वहीं मोहम्मद फैज के पिता असद अहमद ने कहा कि उनकी सबसे बड़ी मांग अपने बेटे के हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी, SIT जांच और स्पीडी ट्रायल के माध्यम से कड़ी सजा दिलाना है, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को ऐसा दर्द न सहना पड़े।

दरभंगा में अब एक ही सवाल गूंज रहा है—क्या मो. फैज को जल्द इंसाफ मिलेगा?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *