बिहार में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। लोगों को गर्मी से आज से राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार आज से बारिश की शुरुआत हो रही है। मौसम विभाग ने बताया कि 3 अप्रैल से मौसम में बदलाव की शुरुआत हो गई है और अगले एक सप्ताह तक इसका असर दिखाई देगा। पटना में बादल छाए रहेंगे। हालांकि, कुछ जिलों में तापमान में वृद्धि भी दर्ज की जाएगी। पछुआ के कारण प्रदेश का मौसम शुष्क व सामान्य बना रहेगा।
यलो अलर्ट जारी किया गया…
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार प्रदेश के चार जिलों के गोपालगंज, बक्सर, कैमूर, रोहतास जिले के कुछ स्थानों पर गरज-तड़क के साथ हल्की वर्षा की संभावना है। इन जगहों पर 30-40 किमी प्रतिघंटा की गति से हवा चलने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ…
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, पश्चिमी हवाओं में ऊपरी व मध्य क्षोभमंडल में एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है। इसकी धुरी समुद्र तल से लगभग 5.8 किमी ऊपर स्थित है। इसके अलावा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और उसके आसपास के क्षेत्रों में एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जो बिहार, छत्तीसगढ़ और दक्षिण-पूर्व मध्य प्रदेश तक फैली हुई द्रोणिका रेखा से जुड़ा है।




