वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनगणना,फार्मर रजिस्ट्री आईडी एवं सहयोग शिविर की हुई समीक्षा बैठक
जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से फार्मर रजिस्ट्रेशन आईडी, जनगणना एवं सहयोग शिविर को लेकर सभी अनुमंडल पदाधिकारी, डीसीएलआर, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, राजस्व अधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, किसान सलाहकार एवं राजस्व कर्मचारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि आगामी 01 जून 2026 को जिले में फार्मर रजिस्ट्रेशन का महाअभियान आयोजित होगा।उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को अभियान की सभी तैयारियां समय पूर्व पूर्ण करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक कर्मी कम-से-कम 20 किसानों का फार्मर रजिस्ट्रेशन आईडी बनाना सुनिश्चित करें, ताकि अधिकाधिक किसानों को सरकार की योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जा सके।
उन्होंने अंचलाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, किसान सलाहकार एवं राजस्व कर्मचारियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए अभियान को सफल बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी क्षेत्र में सक्रिय रहकर किसानों को जागरूक करें तथा रजिस्ट्रेशन कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए।
बैठक में जनगणना कार्य एवं सहयोग शिविर की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी लंबित कार्यों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
दरभंगा एनआईसी से नगर आयुक्त राकेश कुमार गुप्ता, उप विकास आयुक्त स्वप्निल, अपर समाहर्ता राजस्व मनोज कुमार, अपर समाहर्ता विभागीय जांच राकेश कुमार, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन सलीम अख्तर, जिला कृषि पदाधिकारी डॉ. सिद्धार्थ सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।




