ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के सुविधा के लिए‘सितारा सप्ताह’ के अंतर्गत विशेष कैम्प का आयोजित
सहायक निदेशक, जिला बाल संरक्षण इकाई, दरभंगा द्वारा बताया गया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार, व्यवहार न्यायालय, दरभंगा के तत्वावधान में दिनांक 04 मई से 08 मई 2026 तक ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के लिए ‘सितारा सप्ताह’ का आयोजन किया जा रहा है।
इस विशेष अभियान के अंतर्गत ट्रांसजेंडर समुदाय के सशक्तिकरण एवं उनके अधिकारों के संरक्षण के लिए विभिन्न प्रकार की सुविधाएं कैम्प मोड में उपलब्ध कराई जाएंगी। इनमें प्रमुख रूप से विधिक जागरूकता कार्यक्रम, पहचान पत्र हेतु पंजीकरण, स्वास्थ्य जांच, आधार पंजीकरण, पुलिस संवेदीकरण एवं सामुदायिक सहभागिता से संबंधित गतिविधियां शामिल हैं।
इस कैम्प का उद्देश्य ट्रांसजेंडर व्यक्तियों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना, सरकारी योजनाओं से जोड़ना तथा समाज में उनकी भागीदारी को सुदृढ़ करना है।
उक्त कैम्प के सफल संचालन हेतु अधिक से अधिक संख्या में ट्रांसजेंडर व्यक्तियों की उपस्थिति आवश्यक है।
जिला अंतर्गत सभी ट्रांसजेंडर व्यक्तियों से अपील की जाती है कि वे अपने संपर्क में आने वाले अन्य ट्रांसजेंडर व्यक्तियों को भी इस संबंध में जागरूक करें।
जिला प्रशासन संबंधित व्यक्तियों से अपील करता है कि वे दिनांक 04 मई 2026 को अपराह्न 12:00 बजे से जिला विधिक सेवा प्राधिकार, व्यवहार न्यायालय, दरभंगा में आयोजित इस कैम्प में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहे तथा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का लाभ उठाएं।
