दरभंगा के वी.आई.पी. रोड, लहेरियासराय स्थित “गंगा लाइफलाइन केयर & डायग्नोस्टिक” का आज गरिमामय वातावरण में विधिवत उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया
दरभंगा के वी.आई.पी. रोड, लहेरियासराय स्थित “गंगा लाइफलाइन केयर & डायग्नोस्टिक” का आज गरिमामय वातावरण में विधिवत उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया।
संस्थान का उद्घाटन मुख्य अतिथि डॉ. कृपा नाथ मिश्र, भूतपूर्व विभागाध्यक्ष, शिशु रोग विभाग एवं सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य, डी.एम.सी.एच., दरभंगा के कर-कमलों द्वारा फीता काटकर किया गया।
समारोह के प्रारंभ में संस्था के संचालक श्री सुशील कुमार झा ने मुख्य अतिथि का मैथिल परम्परा के अनुरूप पाग एवं दोपट्टा पहनाकर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया। इस अवसर पर उन्होंने स्मृति-चिह्न के रूप में एक पुस्तक भी भेंट कर अपनी कृतज्ञता एवं सम्मान प्रकट किया। इस पारंपरिक स्वागत ने समारोह को मिथिला की सांस्कृतिक गरिमा से अभिसिंचित कर दिया।
उद्घाटन के उपरांत मुख्य अतिथि एवं उपस्थित विशिष्ट अतिथियों ने प्रयोगशाला का अवलोकन किया तथा वहाँ उपलब्ध आधुनिक मशीनों, जांच सुविधाओं एवं सुव्यवस्थित कार्यप्रणाली की सराहना की। समारोह में डॉ. मो. दानिश अंसारी, डॉ. रूपेश मिश्र, डॉ. माधुरी रानी मिश्र, डॉ . भुवनजी झा, डॉ . वंदना झा सहित नगर के दर्जनों प्रतिष्ठित चिकित्सकगण, चिकित्सा विशेषज्ञ, शिक्षाविद्, समाजसेवी, व्यवसायी तथा विभिन्न क्षेत्रों के अनेक गणमान्य नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
अपने संबोधन में डॉ. कृपा नाथ मिश्र ने कहा कि किसी भी रोग के सफल उपचार का आधार सटीक, विश्वसनीय एवं समयबद्ध जांच होती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि गंगा लाइफलाइन केयर & डायग्नोस्टिक आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और सेवा-भाव के साथ कार्य करते हुए दरभंगा एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों को उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराएगा।
संस्थान के संचालक श्री सुशील कुमार झा ने उपस्थित सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस संस्थान का उद्देश्य केवल जांच सुविधा उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि प्रत्येक मरीज को सटीक परिणाम, पारदर्शी व्यवस्था, नैतिक कार्यसंस्कृति और संवेदनशील सेवा प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि जनविश्वास ही संस्था की सबसे बड़ी पूंजी होगी और उसी विश्वास को बनाए रखना उनका सर्वोच्च दायित्व रहेगा।
समारोह के अंत में सभी अतिथियों ने संस्थान के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएँ व्यक्त कीं। सौहार्दपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न यह उद्घाटन समारोह दरभंगा के स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। गंगा लाइफलाइन केयर & डायग्नोस्टिक के शुभारंभ से क्षेत्र के लोगों को आधुनिक, विश्वसनीय एवं गुणवत्तापूर्ण पैथोलॉजी एवं डायग्नोस्टिक सेवाओं का लाभ और अधिक सुलभ रूप से प्राप्त होगा।