
दरभंगा के बिरौल थाना क्षेत्र के विशनपुर–बेनीपुर महीनाम सड़क पर शनिवार की रात एक सड़क हादसा हुआ। इसमें 26 साल के मिथुन सहनी की मौत हो गई, जबकि सड़क किनारे चाय दुकान चला रहे दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक के घर नेउरी गांव में जैसे ही शव पहुंचा, परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतक योगेंद्र सहनी का बेटा मिथुन रात में भोजन करने के बाद घर से बाहर टहलने निकला था। इसी दौरान करीब साढ़े नौ बजे बिरौल से महीनाम–बेनीपुर जा रही एक खाली ट्रक नेउरी के पास अचानक बेकाबू हो गई।
ट्रक ने पहले सड़क किनारे खड़ी बाइक को रौंद दिया और फिर सीधे चाय दुकान में घुस गई। इसी चपेट में आने से मिथुन की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई।दुकान चला रहे बिन्दे सहनी और उनकी पत्नी आरती देवी भी गंभीर रूप से जख्मी हुए।
आज घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़।
आरती देवी के एक पैर की हड्डी टूटी
ग्रामीणों की मदद से तीनों घायलों को दरभंगा भेजा जा रहा था, लेकिन बेनीपुर पहुंचते ही मिथुन ने दम तोड़ दिया। बिरौल पुलिस ने रात में ही शव को कब्जे में लेकर डीएमसीएच पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल दंपती का इलाज बेनीपुर अनुमंडल अस्पताल में चल रहा है, जहां जांच में आरती देवी के एक पैर की हड्डी टूटने की पुष्टि हुई है।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक मिथुन दो भाइयों में छोटा था और परिवार का मुख्य सहारा माना जाता था। वह घर में माखन फोरी के काम में अहम भूमिका निभाता था। अचानक हुए इस हादसे से मौके पर मौजूद उसकी मां शांति देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है।
स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता और जदयू जिला सोशल मीडिया प्रभारी सह बिरौल अनुमंडल रोगी कल्याण समिति सदस्य इंद्र मोहन साफी ने घटना पर गहरा दुःख प्रकट किया है। उन्होंने प्रशासन से मृतक के परिजन को उचित मुआवजा देने और क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को सख्ती से लागू करने की मांग की है, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
थानाध्यक्ष चन्द्रमणि ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि परिजनों के आवेदन पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ट्रक चालक की तलाश जारी है।