सीनेट की तैयारी जोरों पर, समितियों ने कार्यों की अद्यतन स्थिति बतायी
दरभंगा।
संस्कृत विश्वविद्यालय में 22 को आयोजित सीनेट की 49वीं बैठक के परिपेक्ष्य में कुलपति प्रो. लक्ष्मीनिवास पांडेय की अध्यक्षता में शुक्रवार को उनके कार्यालय कक्ष में समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। इस दौरान सीनेट की सफलता को लेकर पूर्व में ही गठित समितियों के समन्वयक व अन्य सदस्यों ने अपने अपने हिस्से के कार्यों की प्रगति के बारे में व्योरा दिया। इसी क्रम में समिति सदस्यों को बेहतरी के लिए निदेशित भी किया गया।
उक्त जानकारी देते हुए पीआरओ डॉ निशिकांत ने बताया कि समीक्षा के क्रम में कुलपति प्रो. पांडेय काफी संवेदनशील हो गए और अपने शुरू के सेवाकाल की चर्चा करते हुए सभी को उत्प्रेरित किया और हौसला भी अफजाई की। उन्होंने कहा कि किसी कार्य को उत्सुकता से मिशन मोड में किया जाय तो हर कार्य सरल व हर रास्ते सुगम हो जाते हैं। उत्तरदायित्व से हम सभी को सीनेट की बैठक की व्यवस्था को उत्तम करना है।
माननीय कुलाधिपति का भी आगमन हो रहा है, इसे भी हमसभी ध्यान में रखना है। सभी मान्य सदस्यों को भी किसी तरह की परेशानी न हो इसका भरपूर ख्याल रखना होगा। वहीं, कुलसचिव प्रो. ब्रजेशपति त्रिपाठी ने कहा कि समिति संयोजक अपने स्तर से कर्मठ सहयोगियों का मनोनयन कर उनसे सहयोग ले सकते हैं। मंचीय व अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी कुलसचिव ने सुझाव दिया और कार्यक्रम को बेहतर करने का सभी से आह्वान किया। इसी क्रम में यह भी निर्णय लिया गया कि प्रवेश द्वार एलएनएमयू की तरफ से, मनोकामना द्वार की तरफ से तथा बाघ मोड़ गेट से कार्यक्रम स्थल तक अतिथि व सदस्य आएंगे। गाड़ी खेल मैदान व परीक्षा भवन के सामने पार्क किया जाएगा। इन तीनो प्रवेश द्वार पर विश्वविद्यालय के कर्मियों की तैनाती रहेगी ताकि अन्य कर्मियों को प्रवेश में कठिनाई नहीं हो। कुलपति प्रो. पांडेय के निदेशानुसार रोज चार बजे अपराह्न सभी समितियों के संयोजक किये गए कार्यों की प्रगति रिपोर्ट बताएंगे। समीक्षा बैठक में सभी पदाधिकारी, समिति संयोजक व सदस्य उपस्थित थे।





