Featured

एनसीसी और स्काउट-गाइड के छात्रों ने लगाए नारे, पहले करें मतदान, फिर करें जलपान।

विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण को लेकर सहरसा में मतदाता जागरूकता अभियान तेज़ हो गया है। रविवार को समाहरणालय परिसर से मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई, जिसका उद्देश्य लोगों को मतदान के प्रति प्रेरित करना था।पहले चरण में जिले के सहरसा, सिमरी बख्तियारपुर, सोनबरसा (अ.जा.) और महिषी विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होना है।

युवाओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

रैली में एनसीसी और स्काउट एंड गाइड के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तख्तियां लिए युवा मतदाताओं ने शहर के मुख्य मार्गों से गुजरते हुए नारे लगाए —“पहले करें मतदान, फिर करें जलपान” और “चुनाव आयोग की है पूरी तैयारी, अब आपके वोट की बारी।”

प्रशासन ने दी हरी झंडी

कार्यक्रम का शुभारंभ जिला प्रशासन की ओर से स्वीप (SVEEP) पदाधिकारी वैभव कुमार ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर स्वीप आइकॉन जय कुमार झा, जिला जनसंपर्क अधिकारी समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।रैली के दौरान एनसीसी कैडेट्स और स्काउट-गाइड सदस्यों ने पोस्टर और बैनर के माध्यम से मतदाताओं से अधिक से अधिक मतदान करने की अपील की।

“मतदान प्रतिशत बढ़ाना हमारी प्राथमिकता”- वैभव कुमार

स्वीप पदाधिकारी वैभव कुमार ने बताया कि सहरसा जिले में पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को होगा। उन्होंने कहा कि मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए जिलेभर में लगातार विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।कुमार ने युवाओं की भागीदारी को लोकतंत्र की मजबूती के लिए महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक बताया।

“मतदान लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत”- जय कुमार झा

स्वीप आइकॉन जय कुमार झा ने नागरिकों से अपने संवैधानिक अधिकार का प्रयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदाता को 6 नवंबर को मतदान केंद्र पर जाकर लोकतंत्र को मजबूत करना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *