Featured

‘वोट चोरी’ का आरोप राहुल गांधी का पॉलिटिकल स्टंट, बिहार चुनाव पर नहीं पड़ेगा असर, BJP का दावा।

राहुल गांधी के नेतृत्व में INDIA ब्लॉक ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के जरिए सरकार, BJP और चुनाव आयोग (ECI) के खिलाफ ‘चुनावी धांधली’ का नैरेटिव बना रहा है. उसका मानना है कि राहुल गांधी इस नैरेटिव में सफल हो रहे हैं, जबकि बीजेपी इसे पॉलिटिकल स्टंट बता रही है और दावा कर रही कि इसका बिहार चुनाव पर कोई असर नहीं पड़ने वाला है.

चुनाव आयोग पर निशाना साधा
राहुल गांधी ने अगस्त 2025 से ‘वोट चोरी’ का अभियान तेज किया. बिहार में विशेष गहन संशोधन (SIR) को निशाना बनाते हुए राहुल ने आरोप लगाया कि ECI और BJP मिलकर गरीबों, अल्पसंख्यकों और विपक्षी समर्थकों के वोटरों को हटाने की साजिश रच रहे हैं. इतना ही नहीं उन्होंने गुरुवार को एक बार फिर इस मु्द्दे को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की और चुनाव आयोग पर निशाना साधा.

वहीं, ECI ने राहुल के बयान को एकबार फिर गलत बताया है और साफ तौर पर कहा कि राहुल गांधी गलत कह रहे. चुनाव आयोग ने कहा कि ऑनलाइन वोट नहीं काटे जा सकते हैं. उसने एक बार फिर SIR को ‘वोटर-फ्रेंडली’ बताया.

इतना ही नहीं BJP ने राहुल गांधी पर पीएम मोदी और भारत के संस्थानों को बदनाम करने का पुराना पैटर्न दोहराने का आरोप लगाया है. पार्टी का कहना है कि जैसे राफेल या अडानी मामले में राहुल ने गलत कहा वैसे ही अब चुनाव आयोग पर झूठ कह रहे हैं.

‘वोट चोरी के दावे बेबुनियाद’
BJP ने कहा कि राहुल के ‘वोट चोरी’ के दावे बेबुनियाद हैं. पार्टी ने ये भी आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राष्ट्रगान का अपमान किया, क्योंकि वह बोलते रहे और राष्ट्रगान को रोका नहीं गया. कुल मिलाकर बिहार चुनाव को देखते हुए वोट चोरी का ये मामला तूल पकड़ता जा रहा है, जिसे देखते हुए भाजपा लगातार राहुल गांधी और कांग्रेस पर आरोप लगा रही है.

यह विवाद 2024 लोकसभा चुनावों के बाद से चली आ रही विपक्ष की शिकायतों का हिस्सा है, जिसमें ECI की निष्पक्षता पर सवाल उठाए गए हैं. राहुल ने बिहार में ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के तहत भी यही मुद्दा उठाया था, जिस पर BJP ने उनकी भाषा को ‘अपमानजनक’ बताया. कर्नाटक में 2023 के बाद से यह मुद्दा बार-बार उठ रहा है।

‘आरोप लगाने से बाज नहीं आते’
इस मुद्दे पर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता आर पी सिंह ने कहा कि राहुल गांधी लगातार झूठ पर झूठ बोल रहे हैं. उन्होंने कहा कि वह कर्नाटक की बात कर रहें और आलंद की बात कर रहे, जहां से उनकी पार्टी की जीत हुई है.

उन्होंने कहा कि जितनी बार वो संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगाते हैं, उतनी बार उन्हें माफी मांगनी पड़ती है. इसके बावजूद वो आरोप लगाने से बाज नहीं आते. भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि शपथपत्र वह सौंप नहीं सकते और सिर्फ आरोप लगाते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *