दरभंगा में नगर निगम की बैठक, दुर्गा पूजा पर चर्चा:48 वार्डों में 25-25 बिजली के लाइट लगाए जाएंगे, भक्तों के लिए फैसला।
दरभंगा में शनिवार को नगर निगम सभागार में महापौर अंजुम आरा की अध्यक्षता में बोर्ड की बैठक आयोजित की गई। इस मौके पर उपमहापौर नजिया हसन, वार्ड पार्षदगण व निगम के पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक आने वाले दुर्गा पूजा, दीपावली व छठ पर्व को लेकर बुलाई गई थी।
बैठक की शुरुआत शांतिपूर्ण माहौल में हुई, जहां निगम क्षेत्र की कई समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। महापौर अंजुम आरा ने सदन से घोषणा की कि नगर निगम क्षेत्र के सभी 48 वार्डों में 25-25 बिजली के लाइट लगाए जाएंगे, ताकि पूजा-पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की दिक्कत न हो।
कई पार्षदों ने निगम की ओर से किए जा रहे सफाई अभियान की सराहना की और महापौर के नेतृत्व को सराहा। कुछ पार्षदों ने वुडको के अव्यवस्थित तरीके से किए जा रहे नाला निर्माण पर नाराजगी जताई और कहा कि इससे जनता को परेशानी हो रही है।
मरे हुए जानवरों की समस्या पर चर्चा
बैठक में मरे हुए जानवरों की समस्या पर भी गंभीर चर्चा हुई। पार्षदों ने कहा कि निगम कर्मी इस मामले में लापरवाही बरतते हैं, जिसके कारण उन्हें निजी खर्च से जानवरों को हटाना पड़ता है। दीपावली को देखते हुए पार्षदों ने वार्डों में समय से मिट्टी तेल उपलब्ध कराने की मांग की। इसके अलावा खराब पड़े बिजली के एलईडी लाइट की मरम्मत, टूटे-फूटे नलों का कन्वर्ट बनाने और सड़कों को दुरुस्त करने की भी बात उठाई गई।
छठ पर्व को ध्यान में रखते हुए पार्षदों ने घाट, पोखर और तालाबों की साफ-सफाई अभी से शुरू करने का सुझाव दिया। साथ ही कहा कि इस बार पर्वों के अवसर पर कुछ नई और बेहतर पहल होनी चाहिए, जिससे नगर निगम की छवि मजबूत हो।
नगर आयुक्त के नहीं आने पर दुख
बैठक में पार्षदों ने यह भी खेद जताया कि इतनी महत्वपूर्ण बैठक में नगर आयुक्त की उपस्थिति नहीं रही, जबकि ऐसे अवसर पर उनका रहना आवश्यक था।
बैठक में लोगों की बातें सुनती मेयर और उपमेयर।
समापन पर महापौर अंजुम आरा ने सभी सदस्यों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि आने वाले पर्वों में नगर निगम पूरी तैयारी के साथ जनता की सेवा करेगा। साफ-सफाई, नाला निर्माण, बिजली व्यवस्था, मरे हुए जानवरों की समस्या का समाधान और मिट्टी तेल की उपलब्धता सहित सभी जरूरी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएंगे।
इस प्रकार बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पर्व उत्साह और सुव्यवस्था के साथ मनाए जाएं।
