Featured

अवैध सिलेंडर रिफिलिंग के समय ब्लास्ट, टीचर की मौत:सहरसा में रिफिलिंग कर रहा व्यक्ति 85% जला, धमाके से मकान का शटर उड़ा।

सहरसा में बुधवार को एक बड़ा हादसा हुआ। जहां नगर निगम के राधानगर वार्ड 17 में अवैध रूप से सिलेंडर रिफिलिंग के दौरान हुए ब्लास्ट में एक राहगीर की मौत हो गई। जबकि रिफिलिंग कर रहा व्यक्ति बुरी तरह झुलस गया। जिसका सहरसा की एक निजी क्लिनिक में इलाज चल रहा है। घटना को लेकर सहरसा सदर थाने की पुलिस मौके पर तहकीकात व कार्रवाई में जुटी है।

मृतक की पहचान सुपौल के निर्मली थाना क्षेत्र के दिघिया निवासी सचिन कुमार (22) के रूप में हुई है। सचिन सहरसा के पासवान टोला में किराए पर रहकर प्राइवेट ट्यूशन के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। वह 3 भाइयों में सबसे छोटा था।

ब्लास्ट में मकान का शटर उड़ गया

सिलेंडर रिफिलिंग कर रहे मोहम्मद खुर्शीद (36) भी हादसे में गंभीर रूप से झुलस गए। खुर्शीद सदर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 17 के निवासी हैं। ब्लास्ट इतना जोरदार था कि खुर्शीद के मकान का शटर उड़ गया।

घर के सामने से गुजर रहे व्यक्ति को गंभीर चोटें

शटर उड़ कर घर के सामने से गुजर रहे सचिन को गंभीर चोटें आईं और सिर से काफी खून बहने लगा। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। खुर्शीद को स्थानीय लोग एक निजी क्लिनिक ले गए। जंहा निजी किलनिक के डॉक्टर शैलेंद्र कुमार के अनुसार खुर्शीद 85 प्रतिशत से अधिक जल चुका है। उसकी नाजुक स्थिति बनी है।

सहरसा सदर SDPO आलोक कुमार के नेतृत्व में पुलिस मामले की जांच कर रही है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। पुलिस ने मौके से कई सिलेंडर भी जब्त किए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *