मुरादाबाद विकास प्राधिकरण की मधुबनी कालोनी में खुले अवैध रास्ते को बंद करने पहुंची प्राधिकरण टीम को विरोध का सामना करना पड़ा है। यहां प्राधिकरण की टीम ने कालोनी में अवैध रूप से खुले रास्ते को बंद कराने के लिए पुलिस की मौजूदगी में दीवार खड़ी की थी। लेकिन मौके पर जमा हुए कुछ लोगों ने दीवार को गिरा दिया।
पुलिस की मौजदूगी के बाद भी विरोध करने वाले यहां प्राधिकरण को दीवार नहीं बनाने दे रहे हैं। प्राधिकरण अधिकारियों ने हाईकोर्ट के आदेश का हवाला देकर यहां अतिरिक्त फोर्स भेजने को कहा है, ताकि दीवार कराई जा सके। मधुबनी कालोनी के आवंटियों ने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल करके कालोनी में अवैध रूप से खुले दरवाजों को बंद करने की मांग की थी।
इस मामले में मुरादाबाद विकास प्राधिकरण की टीम सोमवार सुबह इन अवैध दरवाजों को दीवार लगाकर बंद कराने पहुंची थी। टीम ने लगभग 4 फीट ऊंची दीवार करा भी दी थी। जिसे कुछ लोगों ने पुलिस और प्राधिकरण टीम के सामने ही तोड़ दिया।