Featured

NSS के स्वयंसेवकों ने निकाली नशा मुक्ति रैली:युवाओं ने लिया संकल्प, नशे से रहेंगे दूर और समाज को करेंगे जागरूक।

जीडी कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना और सेहत केंद्र की ओर से आज नशा मुक्ति रैली निकाली गई। जिसके माध्यम से लोगों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराने के साथ ही समाज को नशा मुक्त बनाने का संदेश दिया गया। रैली की शुरुआत कॉलेज परिसर से प्रोग्राम ऑफिसर डॉ. सहर अफरोज की अगुआई में हुई।

स्वयंसेवक हाथों में तख्ती और बैनर लिए हुए थे। जिस पर नशा छोड़ो जीवन अपनाओ, युवा शक्ति का नारा नशा मुक्त हो देश हमारा और स्वस्थ समाज ही समृद्ध भारत की नींव है लिखा था। सेहत केंद्र के पियर एजुकेटर सुमित कुमार ने रैली का समापन पर स्वयंसेवकों को नशा का सेवन नहीं करने और दूसरों को भी जागरूक करने की शपथ दिलाई।

मादक पदार्थ युवाओं को बर्बादी की ओर ले जा रहे

जी.डी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. चंद्रभूषण प्रसाद सिन्हा ने नशा मुक्ति रैली को समाज हित में सराहनीय प्रयास बताते हुए कहा कि इस तरह की रैली और अभियान लगातार चलता रहे तो निश्चित रूप से समाज को नशे की बुरी आदतों से मुक्त किया जा सकता है। स्वयंसेवकों का यह प्रयास युवा शक्ति की जिम्मेदारी और सकारात्मक सोच का स्पष्ट प्रमाण है।

राष्ट्रीय सेवा योजना के यूनिट-एक के कार्यक्रम पदाधिकारी सह सेहत केंद्र के नोडल ऑफिसर डॉ. सहर अफरोज ने कहा कि नशा आज समाज की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक है। शराब, गुटखा, तंबाकू और अन्य मादक पदार्थ युवाओं को बर्बादी की ओर ले जा रहे हैं। राष्ट्रीय सेवा योजना केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं है।

यह युवाओं को समाज की वास्तविक समस्याओं से जोड़कर समाधान की राह दिखाती है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि नशे से दूरी बनाएं और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। राष्ट्रीय सेवा योजना के यूनिट-दो के कार्यक्रम पदाधिकारी दिनेश कुमार ने नशा से होने वाले दुष्प्रभावों के संबंध में विस्तार से बताया।

युवा वर्ग अपनी ऊर्जा सही दिशा में लगाए

उन्होंने कहा कि तंबाकू और शराब जैसी लत कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की समस्या और मानसिक तनाव जैसी बीमारियों को जन्म देती हैं। युवा वर्ग अपनी ऊर्जा सही दिशा में लगाए और स्वस्थ जीवन का मार्ग अपनाएं। पियर एजुकेटर सुमित ने कहा कि नशा न केवल जीवन तबाह करता है, बल्कि पूरे परिवार की खुशियां छीन लेता है।

अजित कुमार और विक्रम राठौड़ ने कहा कि स्वयंसेवकों के जोशीले नारों ने कॉलेज का माहौल जीवंत कर दिया। यह पहल समाज को नई दिशा देने वाला है। मौके पर रौशन, गुलशन कुमार, राहुल, राजन गुप्ता, अभिनव, प्रिंस केशरी, अमन, गोविंद, सूरज, फलक, साजिया, शहनाज खातून, सोनी और मुस्कान सहित अन्य स्वयंसेवक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *