Featured

दरभंगा के 4.31 लाख पेंशनधारियों को राशि हस्तांतरित:पेंशन ₹400 से बढ़ाकर ₹1100 प्रतिमाह, लाभुकों ने कहा- भविष्य में राशि और बढ़ाई जाए।

दरभंगा में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना अंतर्गत सभी छह प्रकार की पेंशन योजनाओं के लाभुकों को बुधवार को अगस्त माह की बढ़ी हुई पेंशन राशि उनके खातों में डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से हस्तांतरित कर दी गई। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कार्यक्रम का ऑनलाइन उद्घाटन करते हुए पेंशनधारियों को यह राशि प्रदान की।

जून 2025 से पेंशन की राशि ₹400 से बढ़ाकर ₹1100 प्रतिमाह कर दी गई है। मुख्यमंत्री ने यह तीसरी बार नई दर से राशि का हस्तांतरण किया गया है। इससे पहले 10 अगस्त को भी बढ़ी हुई राशि लाभुकों के खातों में भेजी गई थी।

सहायक निदेशक, जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग शशि कुमार ने बताया कि दरभंगा जिले में कुल 4,31,965 पेंशनधारी हैं, जिन्हें कुल ₹48 करोड़ 03 लाख 23 हजार 300 की राशि अंतरित की गई है। इसमें शामिल हैं –

इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना- 1,45,427 लाभुक, ₹16.97 करोड़।

मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना- 1,86,638 लाभुक, ₹20.98 करोड़।

इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना- 33,770 लाभुक, ₹3.72 करोड़।

लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना- 30,177 लाभुक, ₹3.34 करोड़।

इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निःशक्ता पेंशन योजना : 3,689 लाभुक, ₹40.59 लाख।

बिहार निःशक्ता पेंशन योजना : 32,264 लाभुक, ₹3.56 करोड़।

सभी पेंशनधारियों को राशि हस्तांतरित होने की सूचना उनके मोबाइल पर एसएमएस के जरिए भी प्राप्त हुई।

ये बहुत बड़ी राहत है

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिला मुख्यालय, प्रखंड मुख्यालय और सभी बुनियाद केंद्रों पर किया गया। जिला पदाधिकारी कौशल कुमार के निर्देश पर संपूर्ण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। वरीय प्रभार में उप विकास आयुक्त ने संचालन किया।

मनिगाछी प्रखंड के आमिर हुसैन, जो दिव्यांग हैं, ने कहा कि“हम लोगों का पेंशन 400 से बढ़ाकर 1100 कर दिया गया है, यह बहुत बड़ी राहत है। मुख्यमंत्री जी ने हमारी समस्याएं सुनीं। हमने उनसे मांग किया है कि दिव्यांगों के लिए इलेक्ट्रिक गाड़ी की चार्जिंग और आराम की व्यवस्था भी जिला मुख्यालय में हो।”

हायाघाट प्रखंड के मो. सोएब ने कहा कि “हम मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी को दिल से धन्यवाद देते हैं। आज तक कई सरकार आई-गई, लेकिन पहली बार इतनी बढ़ी हुई पेंशन मिली है। हम चाहते हैं कि भविष्य में यह राशि और बढ़ाई जाए।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *