Featured

‘फिजियोथैरेपी के बिना चिकित्सा अधूरा’:शरीर को स्वस्थ और सक्रिय बनाए रखने में सहायक, वर्ल्ड फिजियोथैरेपी दिवस पर कार्यक्रम।

समस्तीपुर शहर से सटे सिंधिया पूर्व वर्ल्ड फिजियोथैरेपी दिवस पर सोमवार को कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ‌कार्यक्रम का उद्घाटन एसके मंडल ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूशन के निदेशक एसके मंडल ने दीप जलाकर किया।

इस मौके पर उन्होंने कहा कि चिकित्सा फिजियोथैरेपी के बिना अधूरी है। इस मौके पर उन्होंने फिजियोथैरेपी की शिक्षा ले रहे छात्र-छात्राओं को मन लगाकर इस कार्य को करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि चिकित्सा एक तरह की सेवा है। आपकी सेवा से अगर कोई मरीज ठीक होता है तो आपको अपने कार्य के प्रति संतुष्टि मिलेगी। भागदौड़ भरे इस जीवन में फिजियोथेरेपी के उपयोगिता बढ़ गई है।

मॉडर्न मशीनों से सेवाएं दी जाएगी

इस अवसर पर संस्थान के अध्यक्ष श्री एसके मंडल ने छात्रों, शिक्षकों और आम जनता को संबोधित करते हुए कहा कि अब समस्तीपुर में भी आधुनिक और नवीन तकनीकों से सुसज्जित मॉडर्न मशीनों के माध्यम से फिजियोथेरेपी की सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

उन्होंने बताया कि इस पहल से न केवल छात्रों को नवीनतम तकनीकी शिक्षा प्राप्त होगी बल्कि आम जनमानस को भी लाभ मिलेगा। मंडल ने कहा कि फिजियोथेरेपी आज के दौर में स्वास्थ्य देखभाल का एक अत्यंत महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है।

यह न केवल चोट या बीमारी के बाद पुनर्वास में मदद करता है, बल्कि शरीर को स्वस्थ और सक्रिय बनाए रखने में भी सहायक है। संस्थान का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के मरीजों तक सस्ती और गुणवत्तापूर्ण फिजियोथेरेपी सेवाएं पहुंचाना है ।

रक्त दान शिविर का भी हुआ आयोजन

इस अवसर पर संस्थान परिसर में सदर अस्पताल के तत्वावधान में रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया। इस शिविर में बड़ी संख्या में छात्रों, शिक्षकों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और रक्तदान किया।

आयोजन समिति के अनुसार, रक्तदान शिविर में प्राप्त रक्त सदर अस्पताल के रक्तकोष को प्रदान किया जाएगा। जिससे जरूरतमंद मरीजों की जान बचाई जा सकेगी। कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने फिजियोथेरेपी के महत्व पर प्रेजेंटेशन दिए और पोस्टर प्रदर्शनी से स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *